छात्र नेता से सांसद का चुनाव लड़ने तक, जानें कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो; क्यों हो रही सोनम वांगचुक से तुलना?

Jharkhand JPSC-JSSC Protest: आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों चर्चा में हैं। जानिए उनकी शिक्षा, छात्र राजनीति, लोकसभा चुनाव लड़ने तक का सफर और अब तक की पूरी कहानी।
Jharkhand Student Protest Devendra Nath Mahto
देवेंद्र नाथ महतोसोर्स-सोशल मीडिया
Updated on

Jharkhand Devendra Nath Mahto Biography: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन राज्य की राजनीति और प्रशासन दोनों के लिए बड़ा मुद्दा बन गया है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों सबसे अधिक चर्चा में हैं। छात्र और उनके समर्थक उन्हें झारखंड का "सोनम वांगचुक" कहकर संबोधित कर रहे हैं। वर्षों से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय महतो ने छात्रवृत्ति, भर्ती परीक्षाओं, आरक्षण नीति, पेपर लीक और नियुक्ति प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाई है। उनका दावा है कि वे युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वर्तमान आंदोलन के कारण देवेंद्र नाथ महतो राज्यभर में छात्र राजनीति का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे हैं। आइए जानते हैं देवेंद्र नाथ को छात्र नेता बनने से लेकर लोकसभा चुनाव लड़ने तक की दिलचस्प जानकारी।

कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो?

देवेंद्र नाथ महतो झारखंड के रांची जिले के राहे प्रखंड स्थित कापीडीह गांव के निवासी हैं। वे पिछले कई वर्षों से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय हैं और वर्तमान में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे आंदोलन का प्रमुख चेहरा बने हुए हैं।

शैक्षणिक सफर रहा शानदार

महतो ने वर्ष 2006 में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से मैट्रिक और 2008 में विज्ञान संकाय से इंटरमीडिएट प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची से संस्कृत में स्नातक किया। उन्होंने हजारीबाग से बीएड की डिग्री भी प्रथम श्रेणी में प्राप्त की। इसके अलावा संस्कृत और कुरमाली (जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा) विषयों में स्नातकोत्तर की डिग्री भी हासिल की। इसमें भी देवेंद्र प्रथम श्रेणी से पास हुए।

2015 से उठा रहे हैं छात्रों की आवाज

आपको बता दें कि देवेंद्र नाथ महतो वर्ष 2015 से छात्र आंदोलन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने छात्रवृत्ति, भर्ती नियमों, आरक्षण नीति, पेपर लीक और JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को लगातार उठाया है।

2024 में लड़ चुके हैं लोकसभा चुनाव

महतो ने 2024 में झारखंड लोकसभा चुनाव में तमार सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन्होंने समाज सेवा और छात्र हितों के लिए कार्य करना अपना प्रमुख कार्य बताया था। उन्हें इस चुनाव में 1,32,647 वोट मिले थे। हलफनामे में उनकी संपत्ति लगभग 1.66 लाख रुपये दर्ज है।

Jharkhand Student Protest Devendra Nath Mahto
JPSC-JSSC धांधली पर आर-पार की जंग! आमरण अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो, पंजाब से भी मिल रहा सपोर्ट

आंदोलनों के कारण दर्ज हैं कई मामले

छात्र आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय भागीदारी के कारण देवेंद्र नाथ महतो के खिलाफ विभिन्न मामलों में 11 केस दर्ज बताए जाते हैं। बावजूद इसके, उनके समर्थक उन्हें छात्र अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाला प्रमुख चेहरा मानते हैं और वर्तमान JPSC-JSSC आंदोलन में उनकी भूमिका को निर्णायक बता रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com