झारखंड राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर! BJP समर्थित निर्दलीय परिमल नाथवानी की जीत, कांग्रेस को मिले महज 20 वोट

Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। इसमें से एक सीट पर जेएमएम की जीत हुई है। वहीं दूसरी सीट पर बीजेपी समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव जीत गए हैं।
jharkhand Rajya Sabha Election Result
BJP समर्थित निर्दलीय परिमल नाथवानी की जीत (Image- Social Media)
Updated on

Jharkhand Rajya Sabha Election Result: झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। इसमें से एक सीट पर सत्तारुढ़ जेएमएम की जीत हुई है। वहीं दूसरी सीट पर बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव जीत गए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा से बैजनाथ राम को जीत मिली है। फिलहाल, नतीजों की आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है।

झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि झारखंड से राज्यसभा के चुनाव में NDA समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी को जीत की बधाई। निशिकांत दुबे ने बताया कि उन्हें कुल 28 मत मिले। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी को महज 20 वोट मिले। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन बुरी तरह हारा है।

परिमल नाथवानी ने क्या कहा?

राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद परिमल नाथवानी का भी बयान आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राज्यसभा सदस्य के तौर पर चौथे कार्यकाल के लिए सेवा करने का मौका मिलने पर मैं बहुत आभारी हूं। उन्होंने कहा कि ये पल मेरे लिए बहुत भावुक करने वाला है क्योंकि ये झारखंड से मेरा तीसरा कार्यकाल होगा। उन्होंने कहा कि ये वही धरती है जहां से 2008 में मेरी संसदीय यात्रा शुरू हुई थी। परिमल नाथवानी ने कहा कि अपनी कर्मभूमि में एक बार फिर लौटना मेरे लिए बहुत गर्व और विनम्रता का विषय है।

किसने की क्रॉस वोटिंग?

झारखंड राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग देखने को मिली है। आरजेडी और सीपीआई-एमएल के विधायकों ने एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी के पक्ष में वोटिंग की है। बता दें कि झारखंड में आरजेडी के चार और माले के दो विधायक हैं, जिनके वोट परिमल नथवानी को मिले।

वहीं, कांग्रेस पार्टी को अपने 16 विधायकों के साथ जेएमएम के 4 विधायकों का वोट मिला। इंडिया गठबंधन में जेएमएम के 34, कांग्रेस के 16, आरजेडी के 4 और माले के 2 विधायक इस समय हैं।

किसे कितने वोट मिले?

बता दें कि वोटों की गिनती में जेएमएम के बैजनाथ राम को 30 वोट मिले, वहीं निर्दलीय परिमल नथवानी को 28 वोट हासिल हुए। कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को महज 20 वोट मिले, वहीं 3 वोट अमान्य घोषित किए गए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com