

Mamata Banerjee Security Row: टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी की सुरक्षा कम करने को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने बुधवार को अपने एक्स हैंडल पर ममता बनर्जी के आवास के बाहर का वीडियो पोस्ट करते हुए सुरक्षा को लेकर CM सुवेंदु पर हमला बोला। इसके बाद टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा सरकार पर तंज कसा।
महुआ ने ममता बनर्जी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की सुरक्षा व्यवस्था की तुलना करते हुए बंगाल सरकार को बेशर्म तक कह डाला। महुआ ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट में लिखा, इस तरह ममता बनर्जी, जो 3 बार CM और 7 बार MP रह चुकी हैं, उन्हें बेशर्म और बदले की भावना रखने वाली BJP सरकार अपमानित कर रही है और खतरे में डाल रही है। वहीं दूसरी ओर, मोहन भागवत हमारे पैसे पर XYZ+++ सुरक्षा और सैकड़ों कमांडो गाड़ियों का आनंद ले रहे हैं।
TMC विधायक मदन मित्रा ने TMC प्रमुख की सुरक्षा में कटौती पर कहा, यह ममता बनर्जी जैसे वरिष्ठ नेता का अपमान है।
पूर्व क्रिकेटर और सांसद कीर्ती आजाद ने भी सरकार द्वारा ममता के घर से सिक्योरिटी हटाने पर सरकार की आलोचना की गई है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट में लिखा, इसके पीछे क्या गलत इरादा है? यह साफ है कि वे कुछ खतरनाक प्लान बना रहे हैं क्योंकि CCTV कैमरों को भी टेप से ढक दिया गया है।
आगे उन्होंने लिखा, यह बदले की राजनीति है। क्या मीडिया दिल्ली में बंगाल की तीन बार की पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र में छह बार की केंद्रीय कैबिनेट मंत्री की जान को खतरे के इस असली मुद्दे को उठाएगा?
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सुरक्षा में बदलाव को लेकर विवाद पर बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने मीडिया से बातचीत में कहा, मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता, लेकिन मैं एक बात कह सकती हूं, जो सरकार अभी सत्ता में आई है, उसके राज में हर नागरिक सुरक्षित रहेगा।