झारखंड विधानसभा की 81 में से 43 सीटों पर चुनाव प्रचार हुआ समाप्त, 13 नवंबर को होगी वोटिंग, 1.37 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
इस चुनावी माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के प्रमुख नेताओं ने चुनाव प्रचार किया है।
- Written By: विकास कुमार उपाध्याय
चुनाव - (सोशल मीडिया)
रांची : झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार सोमवार को समाप्त हो गया। 13 नवंबर को राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 43 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण के लिए 1.37 करोड़ मतदाता अपनी पसंदीदा पार्टी और उम्मीदवार के लिए वोट देंगे।
इस चुनावी माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रमुख नेताओं ने चुनाव प्रचार किया है। इन नेताओं ने राज्य के विभिन्न इलाकों में अपने-अपने पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
पहले चरण में 43 सीटों के लिए कुल 2.60 करोड़ मतदाताओं में से 1.37 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। इस चुनाव में 683 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 609 पुरुष, 73 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। इन सीटों में से 20 सीटें अनुसूचित जनजाति और 6 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
सम्बंधित ख़बरें
INDIA गठबंधन में अनदेखी से नाराज JMM, बिहार में 15 सीटों पर ताल ठोकने की तैयारी में पार्टी
Year Ender 2024: साल की शुरुआत से ही टूट गया था बीजेपी का आत्मविश्वास, जानें वर्ष की 5 बड़ी राजनीतिक
Jharkhand Cabinet Expansion: झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार पर कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल बोले- 9 दिसंबर से पहले …
झारखंड : सीएम सोरेन खटा-खट ले रहे फैसले इधर भाजपा हार की समीक्षा के लिए खेल रही मीटिंग-मीटिंग
यह भी पढ़ें – झारखंड में हेमंत सोरेन का आगमन या सत्ता परिवर्तन? सर्वे में सामने आया चौंकाने वाला रिजल्ट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि पहले चरण के मतदान के लिए कुल 15,344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 12,716 बूथ ग्रामीण इलाकों में और 2,628 बूथ शहरी इलाकों में स्थित हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, हालांकि 950 मतदान केंद्रों पर मतदान का समय शाम 4 बजे समाप्त हो जाएगा, लेकिन कतार में खड़े मतदाता अपना वोट डाल सकेंगे।
सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह से व्यवस्थित करने के लिए महिला मतदान अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुल 1,152 मतदान केंद्रों पर पूरी प्रक्रिया महिलाओं द्वारा संभाली जाएगी। इसके अलावा, दिव्यांग मतदाताओं के लिए 24 बूथों पर विशेष व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग ने मतदान की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और अब बस 13 नवंबर का इंतजार है।
