रांची एयरपोर्ट, डिजाइन फोटो
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में भी कोहरे का पहरा लगातार जारी है। रांची में ठंडी के साथ-सात शीतलहर भी चालू है। इस कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण रांची हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन को रोक दी गई है। इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट के कई उड़ानों को रोक दी गई थी। क्योंकि, दिल्ली के तापमान में काफी गिरावट आई है, जिसके कारण घने कोहरे का प्रकोप जारी है।
घने कोहरे के कारण गुरुवार को बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन प्रभावित रहा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 10.30 बजे तक हवाई अड्डे पर किसी भी विमान का आगमन या प्रस्थान नहीं हुआ, वहीं खराब दृश्यता के कारण चार उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया।
बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक आरआर मौर्य ने कहा, ‘‘ सुबह से खराब दृश्यता के कारण रांची हवाई अड्डे पर किसी भी विमान का आगमन या प्रस्थान नहीं हुआ है। सभी उड़ानों में देरी होने की संभावना है। चार उड़ानों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है।” रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई। विमान उतरने के लिए न्यूनतम दृश्यता 1200 मीटर होनी चाहिए।”
झारखंड की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
कोहरे के अलावा झारखंड में शीतलहर जैसी स्थिति भी है और लोहारदगा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस है। चतरा में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस जबकि हजारीबाग में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रांची में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, इसके बाहरी इलाके नामकुम और कांके में क्रमशः 3.7 और 4.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आनंद ने कहा कि देश के उत्तर-पश्चिमी भागों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार के बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है।