जम्मू-कश्मीर: 'ऑपरेशन बिहाली' की पहली कामयाबी, सुरक्षाबलों ने ढेर किया जैश आतंकी

बसंतगढ़ में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है। जबकि, ऑपरेशन अभी भी जारी है।
जम्मू-कश्मीर: 'ऑपरेशन बिहाली' की पहली कामयाबी, सुरक्षाबलों ने ढेर किया जैश आतंकी
सांकेतिक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में उधमपुर के बसंतगढ़ में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है। जबकि, ऑपरेशन अभी भी जारी है। सुरक्षा बलों ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष इनपुट मिलने के बाद यह ऑपरेशन शुरू किया था।

खुफिया तंत्रों से उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके के बिहाली में जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टुकड़ी 'ऑपरेशन बिहाली' शुरू किया था। सुरक्षाबल इलाके में सर्च अभियान चला रहे थे तभी छिपकर बैठे आतंकियों ने फायरिंग कर दी।

सुरक्षाबलों ने चलाया 'ऑपरेशन बिहाली'

इसके बाद भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की और 'ऑपरेशन बिहाली' की शुरुआत के 6 घंटे बाद सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है जिसमें उन्होंने एक आतंकी को ढेर कर दिया है। वहीं, अन्य आतंकियों की तलाश में अब सेना और पुलिस पूरे इलाके को छानने में जुटी हुई है।

भारतीय सेना ने दी ऑपरेशन की जानकारी

सेना की यूनिट व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट करते हुए आतंकी के मारे जाने की पुष्टि की है। ऑपरेशन बिहाली का अपडेट देते हुए पोस्ट में लिखा गया है कि "बसंतगढ़ में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की तरफ से चल रहे संयुक्त ऑपरेशन में, अब तक एक आतंकवादी को ढेर कर दिया गया है।"

सुरक्षाबलों ने नाकाम की घुसपैठ की कोशिश

बीते कल यानी बुधवार को भी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षा बलों ने सीमा पार से तीन से चार आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। सेना के आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान एक आतंकवादी मारा गया, जिसका शव नियंत्रण रेखा के पास बरामद किया गया, जबकि बाकी आतंकवादी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की ओर भागने में सफल रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com