

Gulmarg Gondola: जम्मू कश्मीर के प्रसिद्ध गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार को अफरा-तफरी मच गई जब अचानक तकनीकी खराबी आने की वजह से रोपवे सेवा बीच में ही रुक गई। इस घटना में लगभग 300 पर्यटक हवा में ही अलग-अलग केबिनों में फंसे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गोंडोला के संचालन के दौरान अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिससे केबल कार आगे नहीं बढ़ सकी और यात्री बीच रास्ते में ही अटक गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत स्थानीय प्रशासन और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं हैं। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि सभी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और तकनीकी टीम भी खराबी को ठीक करने में जुटी हुई है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, लेकिन रेस्क्यू टीम का कहना है कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और जल्द ही उन सभी को नीचे उतार लिया जाएगा।
सेना द्वारा कहा गया कि गुलमर्ग गंडोला में प्रशिक्षित टीमों द्वारा बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है। रोपवे के केबिन बीच हवा में फंस जाने के बाद चिनार कोर , भारतीय सेना और गुलमर्ग गंडोला संचालकों द्वारा त्वरित और समन्वित बचाव प्रयास चल रहे हैं। 65 केबिन फंसे हुए थे और अब तक 16 केबिनों से 80 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। शेष केबिनों के लिए बचाव अभियान जारी है।
इसके बाद एक और अपडेट देते हुए सेना ने कहा, शाम 5:10 बजे तक, अब तक 21 केबिनों से कुल 114 लोगों को बचाया जा चुका है। प्रशिक्षित टीमों द्वारा बचाव अभियान जारी है। सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।