

Parliament Budget Session: बुधवार को लोकसभा में होने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण टाल दिया गया। पीएम मोदी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देना था। बीजेपी का आरोप है कि विपक्षी महिला सांसदों ने पीएम मोदी की कुर्सी को घेर लिया था, जिससे वे वहां तक नहीं पहुंच पाए और उनका भाषण टालना पड़ा।
हंगामे और पीएम मोदी का संबोधन के टलने के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने दावा किया कि विपक्षी महिला सांसदों ने पीएम मोदी की कुर्सी को घेर लिया और उससे भी आगे बढ़ गईं। उन्होंने कहा कि वे बहुत गुस्से में थीं और ऐसा लग रहा था कि वे हमला करने के इरादे से आई थीं।
मनोज तिवारी ने कहा कि आज सदन में जो हुआ, उसके लिए देश कांग्रेस की निंदा करेगा। पीएम मोदी का भाषण तय था। ठीक 5 बजे उन्होंने पीएम मोदी की कुर्सी को घेरने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल किया। प्रधानमंत्री की कुर्सी को घेरने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल करने का मकसद क्या हो सकता है? क्या आप अपनी हार से इतने निराश हैं कि आप प्रधानमंत्री पर हमला करना चाहते हैं? वे गुस्से में हमला करने के इरादे से आए थे। हम सब सदन में बैठे थे, जो हो रहा था उसे देखकर हैरान थे। यह सब पहले से प्लान किया हुआ था।
बजट सत्र की शुरुआत से ही सदन में काफी हंगामा हो रहा है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी भारत-चीन सीमा विवाद पर पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की अप्रकाशित किताब से कुछ अंश पढ़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं दी गई। इससे विवाद बढ़ गया और संसदीय कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा।
इसके बाद बुधवार को बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भी कुछ किताबों का हवाला देते हुए गांधी-नेहरू परिवार के बारे में टिप्पणी की जिससे हंगामा और बढ़ गया। वर्षा गायकवाड़ और अन्य सहित कांग्रेस की महिला सांसद निशिकांत दुबे से जवाब मांगने के लिए उनकी ओर बढ़ीं और पोस्टर दिखाते हुए उनकी कड़ी आलोचना की। बीजेपी का आरोप है कि महिला सांसदों ने पीएम मोदी की कुर्सी को घेर लिया, जिससे वे अपना भाषण नहीं दे पाए।
दूसरी तरफ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संसद नहीं आए क्योंकि वे डरे हुए हैं और सच का सामना नहीं करना चाहते। राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की अप्रकाशित संस्मरण की एक कॉपी लेकर संसद पहुंचे और कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में आएंगे तो वे उन्हें यह किताब देंगे। यही बात उन्होंने एक्स पोस्ट में भी दोहराई है।