

Today Weather Update 7 June: देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत और चेतावनी भरा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेजी से आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र और गोवा में प्रवेश कर लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अगले 12 घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश, बिहार और केरल समेत देश के 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग (IMD) ने बताय है कि मानसून ने न केवल महाराष्ट्र और गोवा को कवर किया है, बल्कि यह कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के भी कई हिस्सों में फैल चुका है। अगले 2 से 5 दिनों के भीतर इसके छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर के राज्यों में 'भारी से बहुत भारी' बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में 7 जून को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी यूपी के इलाकों में 9 से 11 जून के बीच लू चलने की चेतावनी भी दी गई है।
वहीं, बिहार में मौसम विभाग ने पटना, गया, औरंगाबाद और नवादा समेत कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। यहां 9-10 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, दिल्लीवासियों के लिए यह राहत अस्थायी है, क्योंकि 8 और 9 जून को तापमान फिर से बढ़कर 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। हिमाचल के शिमला, कुल्लू और मंडी जैसे जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में 11-12 जून के बीच तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने खराब मौसम और आकाशीय बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। जहां एक ओर मानसून आगे बढ़ रहा है, वहीं राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में 8 से 12 जून के बीच भीषण लू चलने का भी पूर्वानुमान है। ऐसे में बदलता मौसम कहीं राहत तो कहीं आफत बनकर सामने आ रहा है।