सांकेतिक तस्वीर (Image- IANS)
Aaj Ka Mausam: आज (22 जनवरी) मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के इलाकों को प्रभावित करना शुरू कर रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जैसे-जैसे यह सिस्टम पश्चिमी हिमालय की ओर आगे बढ़ेगा, इसे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी का सहयोग मिलेगा। दिन के पहले हिस्से में उत्तर भारत के पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में कोहरा छाने की आशंका है। कश्मीर से उत्तराखंड के बीच हल्के बादल बने रह सकते हैं।
IMD के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आज पहाड़ी इलाकों में हल्की मौसमीय गतिविधि देखने को मिल सकती है, हालांकि हफ्ते के अंत तक मैदानी क्षेत्रों में ऐसी गतिविधि की संभावना कम है। 22 जनवरी की रात से बादल बढ़ेंगे, लेकिन मैदानी इलाकों में ज्यादा असर अगले दिन दिखेगा। आने वाले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी दिल्ली में तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। IMD ने अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। दोपहर बाद हवा की दिशा बदलेगी और ऊंचाई पर 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम हवाएं चल सकती हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी और आसपास के जिलों में कोहरा छाने की संभावना नहीं है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 22 से 27 जनवरी तक बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। यूपी के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। गुरुवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं, जबकि पूर्वी और मध्य यूपी में भी वर्षा हो सकती है। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- एक्शन मोड में नितिन नबीन! 5 राज्यों के चुनावों पर 8 घंटे हुई चर्चा, SIR को लेकर BJP अध्यक्ष ने क्या कहा?
उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। आज (22 जनवरी) उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 2800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।