Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में बारिश तो दिल्ली-NCR में चढ़ेगा पारा, इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी

Today Weather News: दिल्ली में एक बार फिर उमस बढ़ गई है इसी बीच मौसम विभाग ने पूरे हफ्ते बारिश होने की भविष्यवाणी की है। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट भी जारी किया गया है।
Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR में हाहाकार, पहाड़ों से मैदानी राज्यों तक तबाही... भूस्खलन का भी बढ़ा खतरा
मौसम की एआई तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

Today Weather Report: देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून सक्रिय है और लगातार बारिश हो रही है, लेकिन राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से उमस बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में हुई हल्की बरसात से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली थी, मगर यह ज्यादा समय तक नहीं टिक पाई। अब दिल्ली-NCR में फिर से चिपचिपी गर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले पूरे हफ्ते राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें देखने को मिल सकती हैं। दूसरी ओर, यूपी, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में बुधवार को भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 28 और 29 अगस्त के लिए विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, खासतौर पर पहाड़ी जिलों के लिए। हाइड्रोमेट डिवीजन ने अगले 24 घंटों के लिए बाढ़ की आशंका भी जताई है। मंगलवार को देहरादून में सुबह से ही धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली होती रही। दिन में धूप निकलने से उमसभरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, हालांकि देर शाम और रात करीब 9 बजे के बाद हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को राहत मिली।

भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश और भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की है। कांगड़ा, चंबा और लाहौल जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं उना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, मंडी और कुल्लू जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश और उमस दोनों एकसाथ

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में आज हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, लेकिन हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 अगस्त को भी प्रदेश में कहीं पर भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। यानी अगले तीन दिनों तक गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

फिलहाल यूपी का मौसम सुहावना बना हुआ है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में पिछले दिनों लगातार बारिश हुई, जिससे झुलसाती गर्मी से काफी राहत मिली। हालांकि अब बारिश रुकने के बाद नमी बढ़ने लगी है, जिससे लोग उमस का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना कम है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में मॉनसून की बौछारें लगातार जारी हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बरसात का यह दौर कुछ दिनों तक और चलता रहेगा। अगले 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। आईएमडी ने जालौर, उदयपुर और सिरोही जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जबकि अलवर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झुंझुनू, राजसमंद, बाड़मेर, बीकानेर और पाली जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com