पश्चिमी विक्षोभ के चलते 19 जनवरी से बदलेगा मौसम! बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी, कोहरे का भी दिखेगा 'कहर'

Weather Update: उत्तर भारत का जनजीवन कोहरे से प्रभावित है। मौसम विभाग ने अगले हफ्ते राजस्थान, पंजाब और यूपी में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। जानिए आने वाले दिनों में मौसम का हाल
fog in uttar pradesh
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Today Weather Update: देश के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 18 जनवरी से लेकर अगले सप्ताह तक एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिससे दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में मौसम बदलेगा।

राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय भीषण ठंड का प्रकोप है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) कई इलाकों में शून्य से 50 मीटर के बीच सिमट कर रह गई है। इस धुंध का सीधा असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा है, जिससे कई ट्रेनें और फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं।, हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए कहा है कि अगले एक सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में 'शीतलहर' (Cold Wave) की संभावना कम है, लेकिन कोहरे का सितम फिलहाल जारी रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ की 'तिकड़ी' से बारिश का पूर्वानुमान

मौसम के मिजाज में आने वाला बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण होगा। आईएमडी के अनुसार, एक विक्षोभ 18 जनवरी तक हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। इसके तुरंत बाद, 19 और 21 जनवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक उत्तर-पश्चिम भारत में दस्तक देंगे। इनके प्रभाव से 22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर पहाड़ी राज्यों में देखने को मिलेगा। 18 से 22 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी का अनुमान है। विशेष रूप से कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में 21 जनवरी से बर्फबारी शुरू हो सकती है, जो 25 जनवरी तक जारी रह सकती है। दक्षिण कश्मीर, चेनाब घाटी और पीर-पंजाल श्रेणी के कुछ जिलों में 23 से 24 जनवरी के बीच भारी बारिश या बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं। उत्तराखंड में भी ठंड के साथ-साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की स्थिति बनी रहेगी।

दिल्ली-एनसीआर और यूपी का हाल क्या है?

दिल्ली में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मध्यम से घना कोहरा रहने का अनुमान है। यहाँ अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहाँ बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। नोएडा में कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रशासन ने 19 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। यूपी के पश्चिमी हिस्सों में 22-23 जनवरी को बारिश होने से ठिठुरन और बढ़ सकती है।

राजस्थान में मेघ गर्जन और पाला पड़ने की आशंका

राजस्थान में भी मौसम विभाग ने एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी दी है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, 22 से 24 जनवरी के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में पाला पड़ सकता है। इसके प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।

प्रमुख शहरों का तापमान (18 जनवरी अनुमानित)

मौसम विभाग के अनुसार विभिन्न शहरों का तापमान इस प्रकार रहने की संभावना है:• दिल्ली: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 05°C

• लखनऊ: अधिकतम 21°C, न्यूनतम 07°C

• पटना: अधिकतम 23°C, न्यूनतम 09°C

• मनाली: अधिकतम 02°C, न्यूनतम -07°C

• जयपुर: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 08°C

• मुंबई: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 18°C

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com