

Tamil Nadu Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु में विजय राज की शुरुआत होने जा रही है। तमाम अड़चनों को पार करते हुए विजय की राजनीतिक पारी में सत्ता पाने का वक्त शुरु हो गया है। शनिवार को विजय ने राज्यपाल अर्लेकर को 120 विधायकों का समर्थन पत्र दिया है। अब टीवीके चीफ विजय का तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रुप में रविवार (10 मई), दोपहर 3:00 बजे शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह नेहरू स्टेडियम चेन्नई में होगा।
बता दें कि विजय की टीवीके पार्टी ने सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन जुटा लिया है। उनके पास अब कुल 120 विधायकों का समर्थन हो गया है। तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है।
गौरतलब है कि, तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में से विजय की टीवीके के पास 107 सीटें हैं। इसके साथ ही कांग्रेस के 5 विधायकों के अलावा CPI, CPI(M) से समर्थन मिल गया था। आज VCK और IUML के 2-2 विधायकों का भी समर्थन मिल गया है। इस तरह से उनके पास 120 विधायक आ गए हैं।
तमिलनाडु सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सीएम के साथ मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। इन मंत्रियों में टीवीके के सेंगोत्तियन, अधव अर्जुन, एन आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार और राजमोहन का नाम शामिल है। इनके अलावा 3 कांग्रेस के विधायकों को भी मंत्री बनाया जा सकता है। तमिलनाडु के मनोनीत मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय रविवार यानी कल दोपहर शपथ लेंगे।
बता दें कि 108 विधायकों वाली टीवीके को बहुमत के लिए जादुई 118 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए पिछले 4 दिनों से चर्चा चल रही थी। सियासी उठापटक के बीच विजय की उम्मीदें छोटे दलों पर टिकी रहीं।