यूपी में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, अलीगढ़ और मथुरा में दो बड़ी मुठभेड़, दो बदमाश ढेर और तीन घायल

UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में अपराधियों पर नकेल कसी है। अलीगढ़ में महिलाओं से लूटपाट करने वाले दो इनामी बदमाश ढेर हो गए। मथुरा में तीन पशु तस्करों को पैर में गोली लगी है।
up police encounter
यूपी पुलिस ने पकड़े गो-तस्कर, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

UP Police Encounter: उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस की अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सोमवार, 25 मई को अलीगढ़ और मथुरा जिलों में पुलिस का बदमाशों से आमना-सामना हुआ। अलीगढ़ में जहां पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को मार गिराया, वहीं मथुरा में पशु तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया गया।

अलीगढ़ के अतरौली इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो कुख्यात आरोपी, रजा मोहम्मद और मुबीन, मारे गए हैं। इन आरोपियों ने हाल के दिनों में महिलाओं के साथ लूटपाट की कई वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला रखी थी। एसएसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार, इन बदमाशों ने 17 मई को मडराक थाना क्षेत्र में 10 महिलाओं और 21 मई को विभिन्न अन्य क्षेत्रों में 6 और महिलाओं से हथियार के बल पर लूटपाट की थी।

लूट के बाद की पुलिस पर फायरिंग

पुलिस इन घटनाओं के बाद से ही बुलंदशहर सीमा और अन्य रास्तों पर लगातार निगरानी रख रही थी। जब पुलिस ने इन्हें गोंडा थाना क्षेत्र में रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी और फायरिंग करते हुए भाग निकले। इसके बाद अतरौली के मंडोली गांव के एक आम के बाग में छिपकर बदमाशों ने पुलिस पर लगातार गोलियां बरसाईं। पुलिस की आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद उन्होंने फायरिंग जारी रखी, जिसमें दो सिपाही घायल हो गए और पुलिस की गाड़ी पर भी गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों को गोली लगी और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

कौन था रजा मोहम्मद?

मारे गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक था। रजा मोहम्मद पर कुल 40 मामले दर्ज थे और वह हापुड़, गाजियाबाद, अलीगढ़ और बुलंदशहर समेत कई जनपदों में सक्रिय था। एसएसपी ने खुलासा किया कि रजा मोहम्मद ने नोएडा में एक लूट के दौरान महिला के साथ दुष्कर्म भी किया था और वह पिछले महीने ही जेल से छूटा था। वहीं दूसरे बदमाश मुबीन के खिलाफ भी लूट के 18 मामलों समेत कुल 27 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने 21 मई की रात को ही इन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

तीन घायल तस्कर पुलिस की गिरफ्त में

एक अन्य बड़ी कार्रवाई में, मथुरा के जैत थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान जब पुलिस का सामना इस गिरोह से हुआ, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में तीन पशु तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लाखों की नकदी और हथियार बरामद

मथुरा पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद, तीन तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास का पता लगाने में जुटी है। इससे पहले 20 मई को भी मथुरा की गोविंदनगर पुलिस ने 'लैंड गैंग' के एक सदस्य को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था, जिस पर आठ केस दर्ज थे और उसने हाल ही में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com