UP By Election: उपचुनाव की रेस से बाहर हुए 54 उम्मीदवार, अब नहीं लड़ पाएंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश की नौ सीटों पर जारी उपचुनावों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यहां चुनाव लड़ रहे 54 उम्मीदवारों को झटका लगा है, सम्बंधित निर्वाचन कार्यालय ने इन सबके नामांकन निरस्त कर दिए है। अब ये सभी उपचुनाव की रेस से बाहर हो गए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग की प्रेसवार्ता का एक पुराना फोटो
फाइल फोटो: भारत निर्वाचन आयोग [स्रोत: ECI वेबसाइट]
Published on
Updated on

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चल रहे उपचुनावों को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसमे विधायक बनने की चाहत रखने वाले 54 उम्मीदवारों की उम्मीदों को धक्का लगा है। दरअसल ये सब उपचुनाव की रेस से बाहर हो गए है और अब विधानसभा का उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे।

ऐसा इसलिए क्योंकि चुनाव आयोग के पास इन 54 उम्मीदवारों द्वारा जमा किये गए नामांकन ख़ारिज कर दिए गए है। जांच के दौरान इनके नामांकनों में त्रुटियां पाई गई थी, जिसके कारण इनके नामांकनों को आयोग ने ख़ारिज कर दिया है और अब ये सभी उत्तर प्रदेश के उपचुनाव की दौड़ से बाहर कर दिए गए है।

कुल 149 नामांकन दाखिल हुए थे 

चुनाव आयोग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कुल 149 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये थे, जिनमें से 54 नामांकन पत्रों को ख़ारिज कर दिया गया।

अब 95 उम्मीदवार मैदान में

54 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र ख़ारिज किये जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर कुल 95 प्रत्याशी अपनी किस्मत आज़मा रहे है, जबकि कुल 149 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। आयोग के अनुसार 95 नामांकन पत्र वैध पाए गए है।

कहा, कितने नामांकन ख़ारिज हुए

चुनाव आयोग ने बताया कि नौ विधानसभा क्षेत्रों में से मीरापुर निर्वाचन क्षेत्र (मुजफ्फरनगर जिले में) में 22, फूलपुर (प्रयागराज) में सात, सीसामऊ (कानपुर), कुंदरकी (मुरादाबाद) और गाजियाबाद में पांच-पांच, मझवां (मिर्जापुर) में चार, करहल (मैनपुरी) में तीन, कटेहरी (अंबेडकरनगर) में दो और खैर (सुरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र में एक उम्मीदवार का नामांकन खारिज कर दिया गया।

इन सीटों पर होंगे उपचुनाव

जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें कटेहरी (अंबेडकर नगर), करहल (मैनपुरी), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर शहर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) शामिल हैं। इनमें से सीसामऊ को छोड़कर बाकी सीटें विधायकों के इसी साल हुए लोकसभा चुनाव में सांसद चुने जाने के कारण खाली हुई हैं। सीसामऊ सीट से विधायक इरफान सोलंकी को एक आपराधिक मामले में सजा सुनाये जाने के कारण यह सीट खाली हुई है।

बताया जा रहा है, कि भारत के चुनाव आयोग ने 18 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए अधिसूचना जारी की थी। जिसमे नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने अदालत में लंबित मामले के कारण मिल्कीपुर (अयोध्या) को छोड़कर नौ सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है। बता दें कि राज्य की नौ सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने हैं, जिसके लिए वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com