70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं और होगी झमाझम बारिश; 11 राज्यों में लू के थपेड़ों के बीच मौसम लेगा करवट
IMD Alert: उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। शहरों में पारा 44 से 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 11 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- AI
Today Weather Update: देश के एक बड़े हिस्से में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक लोग भीषण लू और चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं, वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 27 अप्रैल से 11 राज्यों में तूफानी बारिश का दौर शुरू होने वाला है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। उत्तर प्रदेश का बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी तरह राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में भी पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया है। दिल्ली में भी गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए चेतावनी दी है कि दिन के समय जानलेवा लू वाली हवाएं चल सकती हैं।
11 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने 11 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। बिहार के 19 जिलों, मध्य प्रदेश के भोपाल और ग्वालियर सहित कई इलाकों, और हरियाणा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी हल्की बारिश के साथ-साथ 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
आसमान से बरसी आग, पारा 45.4 डिग्री पार; नागपुर में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी
Thane Heatwave Orange Alert: तेज धूप और उमस से लोग बेहाल, प्रशासन की चेतावनी
विदर्भ झुलसा, अकोला और अमरावती में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, 80 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी की चेतावनी
नवभारत विशेष: हीट वेव इमरजेंसी से जूझ रहा सारा भारत, लू लगने से बचने के उपाय
कल पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, मिलेगी राहत
विशेषज्ञों का कहना है कि 28 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव 2 मई तक बना रह सकता है। इसके असर से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, दिल्ली और राजस्थान के उत्तरी इलाकों में मौसम बदलेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा जैसे तटीय क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क और उमस भरा रहने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: जापान में फिर कांपी धरती…6.1 की तीव्रता से दहला होक्काइडो, अधिकारियों ने जारी किया अलर्ट
खराब हवा और लू से बचने की सलाह
दिल्ली में भीषण गर्मी के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम तक घर से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। लू के प्रकोप को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4-5 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, इसलिए लोगों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है।
