22 राज्यों पर कुदरत का 'डबल अटैक', क्या और बढ़ने वाला है बारिश और आंधी का तांडव? जानें IMD लेटेस्ट अपडेट

Today Weather Update: मौसम विभाग ने दो शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभों के चलते दिल्ली, यूपी और बिहार समेत देश के 22 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
weather update today news
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Updated on

IMD Latest Alert: मार्च की गुनगुनी धूप और बसंत की विदाई के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। अगर आप सोच रहे थे कि अब चिलचिलाती गर्मी का दौर शुरू हो गया है, तो मौसम विभाग की हालिया चेतावनी आपको हैरान कर सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के 22 से 28 राज्यों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी का बड़ा अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटों के भीतर दो शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ एक साथ सक्रिय हो रहे हैं, जिनका असर उत्तर-पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर भारत की पहाड़ियों और मैदानों तक दिखाई देगा।

दो पश्चिमी विक्षोभों की जुगलबंदी से क्या होगा

मौसम के इस बदलते मिजाज की सबसे बड़ी वजह एक साथ सक्रिय होने वाले दो 'पश्चिमी विक्षोभ' हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 26 मार्च से इनका प्रभाव उत्तर-पश्चिम भारत में काफी बढ़ जाएगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में न केवल हल्की से मध्यम बारिश होगी, बल्कि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है। वहीं, मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 26 से 30 मार्च के बीच मौसम काफी बिगड़ सकता है। इस दौरान राजस्थान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं और छिटपुट बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।

दिल्ली-यूपी में बादलों का डेरा

देश की राजधानी दिल्ली और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिन काफी उथल-पुथल भरे रहने वाले हैं। दिल्ली में आज आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, असली बदलाव 26 और 27 मार्च को देखने को मिलेगा जब दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी शुरू हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी विभाग ने 28 मार्च तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की चेतावनी दी है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और आसमानी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत के राज्यों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 25 से 29 मार्च के बीच पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में झमाझम बारिश होगी। वहीं, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। बिहार, झारखंड और ओडिशा के लिए भी आने वाले तीन-चार दिन (26-29 मार्च) संवेदनशील हो सकता है। बिहार में 25 मार्च तक तो मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन उसके बाद 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं और बारिश दस्तक दे सकती हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।

पारा गिरेगा या बढ़ेगा?

इस मौसमी हलचल के बीच तापमान का मिजाज भी मिला-जुला बना हुआ है। 25 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, जबकि लखनऊ और पटना में यह 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। मध्य भारत के भोपाल में पारा 34 डिग्री तक जा सकता है, वहीं कोलकाता में यह 34 डिग्री के साथ सबसे अधिक रहने का अनुमान है।

पहाड़ों की बात करें तो शिमला में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और नैनीताल में 14 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 मार्च तक आंधी-बारिश का यह दौर जारी रह सकता है, जिससे न तो अभी कड़ाके की गर्मी पड़ेगी और न ही ठंड पूरी तरह से विदा होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com