आसमान से बरसती आग के बीच 13 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट; 55 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
Today Weather Forecast: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के 13 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी के बीच दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों में पारा गिरने की संभावना है।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Today Weather Update: देश के तमाम हिस्सों में कई दिनों से मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, वहीं अचानक हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को हैरत में डाल दिया है।
मौसम विभाग ने 28 अप्रैल के लिए 13 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके दौरान 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। यह बदलाव बढ़ती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत लेकर आ सकता है।
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत, बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, जहां आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, राहत की खबर यह है कि आज यानी 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू होगा। दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान घटकर 41 डिग्री तक आ सकता है। यह सिलसिला 29 और 30 अप्रैल तक जारी रह सकता है, जिससे पारा और गिरकर 38 डिग्री तक जा सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
IMD Heavy Rain Alert Maharashtra: महाराष्ट्र में इन जगहों पर फटेगा बादल, 10 जिलों में आसमान से बरसेगी आफत
नागरिक बोले- ऐसा विकास नहीं चाहिए, करोड़ों के दावों की खुली पोल, तीन घंटे की बारिश में डूबा नागपुर
भंडारा में बारिश का कहर, 3 दिन का ऑरेंज अलर्ट, बिजली गिरने से गाय की मौत
नागालैंड में बारिश और भूस्खलन से भारी तबाही, 10 लोगों की मौत, रेस्क्यू जारी
उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश-आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, लखनऊ और कानपुर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चलने की आशंका है। वहीं, बिहार में मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि के आसार हैं, खास तौर से किशनगंज, अररिया और पूर्णिया जैसे जिलों में अगले 48 घंटों तक मौसम खराब रह सकता है।
राजस्थान और एमपी में लू और बारिश का मिला-जुला असर
राजस्थान फिलहाल भीषण गर्मी की चपेट में है, लेकिन जयपुर और अलवर के आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और धूल भरी हवाएं चलने का अलर्ट है। जैसलमेर और बीकानेर जैसे रेतीले जिलों में भी बादल छाए रहने और छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे शहरों में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा, जहां भोपाल में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में न केवल बारिश बल्कि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। शिमला और कुल्लू में भारी बारिश के साथ 70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
यह भी पढ़ें: यूपी के हमीरपुर में बड़ा सड़क हादसा, वैन-ट्रक की भिड़ंत में चार बारातियों की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर
दक्षिण भारत में तमिलनाडु के नीलगिरि और कोयंबटूर जैसे पश्चिमी हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है, जो निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण एक सप्ताह तक जारी रह सकती है। केरल में फिलहाल गर्मी और उमस बनी हुई है और भारी वर्षा के लिए अभी कुछ और दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है।
