

Odisha Chief Minister Mohan Charan Majhi: शुक्रवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को ले जा रहा एक विमान भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका। खराब मौसम के कारण विमान की लैंडिंग में काफि परेशान आ रही थी। हवा में काफि देर चक्कर काटने के बाद विमान को कोलकाता डायवर्ट किया गया।
ओडिशा के एक मंत्री ने इस बारे में जानकारी दी। बताया जा रहा है कि, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी दिल्ली का 5 दिवसीय दौरा करके लौट रहे थे। उन्हें सुबह लगभग 9.45 बजे भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर उतरना था। ओडिशा के शहरी विकास मंत्री केसी महापात्र ने बताया कि, खराब मौसम के कारण विमान भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर नहीं उतर सका। जिसके बाद विमान कोलकाता भेज दिया गया।
बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निदेशक प्रसन्न प्रधान ने कहा कि भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का विमान लगभग 21 मिनट तक हवाई अड्डे के ऊपर मंडराता रहा, जिसके बाद उसे कोलकाता की ओर मोड़ दिया गया। निदेशक प्रसन्न प्रधान ने जानकारी दी कि, सीएम मोहन चरण माझी एअर इंडिया की उड़ान (AI473) में सवार थे, जो कोलकाता हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और दोपहर 1:00 बजे भुवनेश्व हवाई अड्डे पर उतरने वाली थी।
एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि 5 सितंबर को दिल्ली से भुवनेश्वर जाने वाली उड़ान संख्या AI473 भुवनेश्वर के करीब थी, यहां खराब मौसम के कारण हवाई यातायात नियंत्रण द्वारा उसे कोलकाता की ओर डायवर्ट का निर्देश दिया गया। विमान को भुवनेश्वर के लिए रवाना करने से पहले कोलकाता में ईंधन भरा गया, जहां विमान 12:59बजे उतरा।
बता दें कि, ओडिशा के 18 जिलों में पिछले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि, पिछले 24 घंटों में ओडिशा में सामान्य से 149% अधिक बारिश हुई। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा के 20 जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की है, जिसमें अगले चार दिनों में गरज के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है।