तमिलनाडु में थलपति विजय के राजतिलक की तैयारी पूरी, आज 10 बजे लेंगे सीएम पर की शपथ
Tamil Nadu CM Oath Ceremony: तमिलनाडु में आज थलपति विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चेन्नई के स्टेडियम में होने वाले इस भव्य समारोह में नौ मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
थलपति विजय (फाइल फोटो), सोर्स- सोशल मीडिया
Thalapathy Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया इतिहास लिखे जाने वाला है। सुपरस्टार विजय अब सिनेमा के पर्दे से निकलकर असल जिंदगी की सत्ता संभालने के लिए तैयार हैं। इस शपथ ग्रहण में कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।
आज सुबह से ही जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी है। हर कोई अपने चहेते सितारे को सूबे की कमान संभालते हुए देखना चाहता है। टीवीके के नवनिर्वाचित विधायक आधार अर्जुन स्टेडियम पहुंच चुके हैं और कयास लगाए जा रहे हैं कि वे भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे।
राहुल गांधी की भी होगी मौजूदगी
विजय की इस नई पारी को राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ा समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विशेष रूप से इस समारोह का हिस्सा बनने के लिए दिल्ली से तमिलनाडु रवाना हो चुके हैं। डीएमके से गठबंधन टूटने के बाद कांग्रेस का यह कदम राज्य के सियासी समीकरणों में बड़े बदलाव का संकेत है। राहुल गांधी सुबह दस बजे मंच पर विजय के साथ मौजूद रहेंगे, जो विपक्षी एकता की एक नई तस्वीर पेश करेगा। सूत्रों की मानें तो आज विजय के साथ कुल नौ मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिनमें टीवीके के छह और कांग्रेस कोटे से तीन चेहरों के शामिल होने की पूरी संभावना है।
सम्बंधित ख़बरें
Jana Nayagan Collection Day 17: ‘जन नायकन’ का बॉक्स ऑफिस पर फिर धमाका! 17वें दिन को आया जबरदस्त उछाल
परिसीमन पर आर-पार! सीएम विजय का केंद्र को कड़ा संदेश, बैठक से DMK ने बनाई दूरी, जानें क्या है पूरा विवाद
Jana Nayagan Collection Day 16: बॉक्स ऑफिस पर सुस्त पड़ा विजय का जलवा, 200 करोड़ का सपना मुश्किल
तलाक के बीच CM विजय की पत्नी संगीता ने लिया बड़ा फैसला, कोर्ट से वापस ली अर्जी, रिश्ते को लेकर बढ़ी हलचल
हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद खुला सीएम की कुर्सी का रास्ता
तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में विजय का सफर चुनौतियों से भरा रहा है। चार मई को चुनावी नतीजे आने के बाद से नौ मई तक राज्य में जबरदस्त राजनीतिक उठापटक देखने को मिला। थलपति विजय को बहुमत साबित करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा क्योंकि राज्यपाल ने समर्थन पत्र में कम संख्या होने पर उन्हें दो बार वापस लौटा दिया था।
आखिरकार शनिवार को उन्होंने 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर अपनी ताकत साबित की। इसमें टीवीके के 108 विधायकों के अलावा कांग्रेस, वामपंथी दल, वीसीके और आईयूएमएल का समर्थन शामिल है। राज्यपाल ने अब उन्हें 13 मई तक सदन में विश्वास मत हासिल करने का समय दिया है।
यह भी पढ़ें: बंगाल में ‘दादा’ का जादू! मिथुन चक्रवर्ती ने 5 साल में ऐसे बदल दी राज्य की तस्वीर, पीएम मोदी भी हुए मुरीद
कैबिनेट में शामिल होंगे छह टीवीके और तीन कांग्रेसी चेहरे
नई सरकार के गठन के साथ ही संभावित मंत्रियों की सूची भी चर्चा में है। टीवीके की ओर से के.ए. सेंगोट्टैयान, आधार अर्जुन, बुस्सी आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार और राजमोहन जैसे नाम सबसे आगे चल रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से भी तीन मंत्रियों के शपथ लेने की बात कही जा रही है। विजय की इस ऐतिहासिक जीत से तमिलनाडु के हर कोने में कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर है और वे सड़कों पर उतरकर ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं।
