तेलंगाना स्थापना दिवस पर उमड़ा नेताओं का प्यार, अमित शाह से लेकर कांग्रेस तक ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

Telangana Formation Day: तेलंगाना स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने प्रदेशवासियों को बधाई देकर शहीदों को नमन किया। वहीं, कांग्रेस ने भी राज्य के लोगों को बधाई दी है।
Telangana Formation Day
तेलंगाना स्थापना दिवस की अमित शाह ने बधाई दी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amit Shah on Telangana Formation Day: तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अमित शाह ने कहा कि अपनी विशिष्ट संस्कृति और असाधारण औद्योगिक क्षमता के साथ, तेलंगाना राष्ट्र की प्रगति में एक अहम भूमिका निभा रहा है। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि, तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मैं राज्य के समस्त लोगों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। अपनी विशिष्ट संस्कृति और असाधारण औद्योगिक क्षमता के साथ, तेलंगाना राष्ट्र की प्रगति में एक अहम भूमिका निभाता है। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा और भारत की गरिमा व प्रतिष्ठा को और भी उच्च स्तरों तक ले जाएगा।

कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने दी बधाई

वहीं, केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य की जनता को हार्दिक बधाई। आज मैं उन शहीदों, कार्यकर्ताओं, छात्रों,  बुद्धिजीवियों और असंख्य नागरिकों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिनके बलिदान और दृढ़ संकल्प ने तेलंगाना के गठन में अहम भूमिका निभाई।

रेड्डी ने आगे कहा कि, तेलंगाना की आत्मा बथुकम्मा के रंगों, बोनालू की भक्ति, सम्मक्का-सरलम्मा मेदाराम जतारा की चिरस्थायी विरासत, और उन समृद्ध लोक व साहित्यिक परंपराओं में बसती है, जिन्होंने युगों-युगों से हमारी पहचान को आकार दिया है। ये परंपराएं हमारे लोगों के साहस, जुझारूपन और सांस्कृतिक गौरव को मूर्त रूप देती हैं, और हमें पीढ़ियों से आपस में जोड़े रखती हैं। इस दिवस को मनाते हुए आइए हम एक 'विकसित तेलंगाना' के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराएं, जो प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करे।

तेलंगाना विकास और प्रगति के पथ पर गतिमान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, अनुपम कला-संस्कृति, समृद्ध विरासतों और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण तेलंगाना राज्य के स्थापना दिवस की सभी तेलंगाना वासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। तेलंगाना विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर गतिमान रहे, सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बढ़े, यही कामना है।

केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने भी तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पोस्ट किया, तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के समस्त निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह पावन धरा, जो अपनी विशिष्ट संस्कृति और भव्य प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है, प्रगति के पथ पर निरंतर दृढ़ता से अग्रसर रहे और नित नई ऊंचाइयों को स्पर्श करे।

कांग्रेस ने भी दी शुभकामनाएं

वहीं, कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से पोस्ट किया, तेलंगाना स्थापना दिवस के अवसर पर हम भारत के सबसे युवा राज्य की भावना और जुझारूपन को नमन करते हैं। कांग्रेस परिवार राज्य की जनता को सैल्यूट करता है और सद्भाव, संवैधानिक मूल्यों व उस पहचान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है, जो इस राज्य को सचमुच अद्वितीय बनाती है।

एजेंसी इनपुट के साथ-

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com