जबलपुर में प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो के दौरान भरभराकर गिरा मंच, 1 पुलिसकर्मी समेत 7 लोग घायल
- Written By: शुभम सोनडवले
जबलपुर. मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के जबलपुर (Jabalpur) में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की रैली के दौरान बड़ा हादसा हुआ। दरअसल, रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं का मंच गिरने से एक पुलिसकर्मी समेत करीब सात लोग घायल हो गए। घायलों को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती किया गया है।
शहर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान रामपुर-गोरखपुर मार्ग पर सड़क किनारे स्वागत मंच बनाया गया था। जैसे ही प्रधानमंत्री की गाड़ी मंच के सामने से गुजरी, लोग उनकी एक झलक पाने के लिए मंच पर चढ़ गए, जिससे मंच गिर गया।”
पांडे ने कहा, “इस घटना में सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक बच्ची और एक पुलिसकर्मी समेत चार लोगों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। जबकि, तीन महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं। इस घटना के कारण रोड शो के दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया।”
सम्बंधित ख़बरें
मध्य प्रदेश में ऑर्गन ट्रांसप्लांट को बढ़ावा, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने दिए बड़े संकेत
MP सरकार की ऐतिहासिक सौगात, पुलिस-सेना भर्ती के लिए OBC युवाओं को मिलेगी फ्री कोचिंग; साथ ही मिलेगा स्टाइपेंड
Bargi Cruise Accident: जबलपुर क्रूज हादसे में चौंकाने वाला खुलासा, इंजन नहीं ‘जनरेटर’ के भरोसे चल रहा था क्रूज
सस्पेंड पुलिसकर्मी का ‘नशा’ उतरा, एसपी ऑफिस के बाहर कर रहा था ड्रामा; महिला ने चप्पलों से पीटा- देखें VIDEO
#WATCH | Around four people including one police personnel injured after a stage collapsed after PM Modi's rally passed in Jabalpur, earlier today. The injured were taken to the Victoria Hospital, Jabalpur, Madhya Pradesh pic.twitter.com/fTobikbvEH — ANI (@ANI) April 7, 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जबलपुर में रोड शो के साथ लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार अभियान का आगाज किया। प्रधानमंत्री के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री राकेश सिंह और पार्टी के जबलपुर से लोकसभा उम्मीदवार आशीष दुबे भी मौजूद रहे।
रोड शो शाम करीब 6:30 बजे शहीद भगत सिंह चौराहे से शुरू हुआ और शाम करीब 7:15 बजे यहां गोरखपुर इलाके में आदि शंकराचार्य चौराहे पर समाप्त हुआ।
लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य के अपने पहले दौरे पर आए प्रधानमंत्री मोदी, यादव और अन्य लोगों ने भाजपा का चुनाव चिह्न ‘कमल’ हाथ में ले रखा था। वे भगवा रंग के वाहन पर सवार होकर रोड शो कर रहे थे। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े थे और मोबाइल फोन से तस्वीरें खींचते और वीडियो बनाते देखे गए। सड़क किनारे खड़े कई लोगों ने ‘मेरा घर मोदी का घर’ और ‘मेरा परिवार मोदी का परिवार’ की तख्तियां ले रखी थीं।
भाजपा ने इस बात को रेखांकित करने के लिए एक अभियान शुरू किया है कि देश के लोग ‘मोदी का परिवार’ में शामिल हैं। यह अभियान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के उस बयान के बाद शुरू किया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री वंशवाद की राजनीति के बारे में बात करते हैं लेकिन उनका अपना कोई परिवार नहीं है।
आदिवासी समूहों ने रास्ते में कई नृत्य प्रस्तुत किए, जिनमें ‘बधाई नृत्य’ भी शामिल था, जो राज्य के बुंदेलखण्ड क्षेत्र का एक नृत्य रूप है और विवाह, बच्चों के जन्म और अन्य खुशी के अवसरों पर किया जाता है। रोडशो मार्ग पर ‘जय श्री राम’, ‘अबकी बार 400 पार’ और ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ के नारे सुनाई दिए। प्रधानमंत्री मोदी ने भगत सिंह, आदि शंकराचार्य और रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर रोडशो शुरू किया।
भाजपा के एक नेता ने बताया कि रोड शो गोरखपुर बाजार से गुजरने के दौरान मोदी पर फूलों की वर्षा करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। जबलपुर राज्य के महाकौशल क्षेत्र का हिस्सा है। इसी क्षेत्र के अंतर्गत छिंदवाड़ा आता है। छिंदवाड़ा एकमात्र लोकसभा सीट है जिस पर भाजपा को 2019 के चुनाव में हार मिली थी। मध्य प्रदेश की बाकी 28 सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा ने जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को सीधी, शहडोल (आरक्षित), मंडला (आरक्षित) और बालाघाट के साथ जबलपुर तथा छिंदवाड़ा में भी मतदान होगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)
