पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, इस दिन तक राहत के आसार नहीं

Aaj Ka Mausam: देशभर में ठंड और कोहरे का असर बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। शीतलहर की स्थितियां हैं। उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया है।
Snowfall in the mountains has increased the cold, with no relief expected until today
शहर में छाया घना कोहरा।
Updated on

Weather Update: देशभर में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटों में कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया। हिमाचल प्रदेश और उत्तर पंजाब के कुछ क्षेत्रों में तापमान 5 डिग्री से कम है। दक्षिण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर विदर्भ और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से 10 डिग्री के बीच रहा।

हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात और सुबह में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह स्थिति 1 जनवरी तक रह सकती है। उसके बाद कोहरे में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। पूर्वी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में आज तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, असम-मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में 1 जनवरी तक सुबह-शाम घना कोहरा पड़ने की संभावना है। आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड और बिहार में शीतलहर की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है। कल से एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। 31 दिसंबर से इसके प्रभाव मैदानी इलाकों में भी दिख सकते हैं।

दिल्ली में मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में आज मौसम सामान्य तौर पर साफ रहने की संभावना है। सुबह में कई इलाकों में घना छाया है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह में हवाएं पश्चिम दिशा से चल रही हैं। इनकी रफ्तार 15 किमी/ घंटा है। दोपहर बाद से रात तक हवा उत्तर-पश्चिम दिशा में बहने की उम्मीद है।

यूपी में इटावा सबसे ठंडा रहा

हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी का असर मैदानों तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में भी ठंड तेज हो गई है। बाराबंकी, कानपुर समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे चला गया है। पिछले 24 घंटों में इटावा सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज से 31 दिसंबर के दौरान ठंड और बढ़ने की संभावना है। अगले 3 दिनों तक उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी बनी रह सकती है। कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के चलते दिन में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है।

बिहार में ठिठुरन

बिहार में घने कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से धूप न निकलने से लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी कोहरे और शीत दिवस से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आज और कल सुबह भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और उत्तर बिहार के कई जिलों में घना कोहरा रहने का अनुमान है।

राजस्थान में मौसम

जयपुर संभाग में शीतलहर के कारण सर्दी ने कड़ा रूप ले लिया है। प्रदेश के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया। रात में खेतों और खुले क्षेत्रों में पड़ी ओस कई जगह बर्फ की हल्की परत जैसी दिखी। मौसम विभाग ने आज के लिए पांच शहरों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अलवर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू और डीडवाना-कुचामन में शीतलहर चलने की संभावना है।

बारिश और बर्फबारी की संभावना

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कल से 2 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी इस अवधि में अलग-अलग स्थानों पर वर्षा या हिमपात हो सकता है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, पश्चिमी यूपी और राजस्थान में 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच बारिश का अनुमान है।

Navbharat Live
navbharatlive.com