

Armed Forces Gallantry Awards 2026: इंडियन एयर फ़ोर्स के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की यात्रा और वहां रहने के दौरान स्पेस प्रोग्राम में उनके योगदान के लिए भारत के सर्वोच्च शांतिकाल सैन्य सम्मान अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा। यह घोषणा गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की पूर्व संध्या पर की गई।
शुभांशु ने 26 जून, 2025 को इतिहास रचा, जब वह NASA के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेस एक्स ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के लॉन्च के बाद इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे। वह स्पेस स्टेशन पर कदम रखने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने। हालांकि, वह राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं, जो 41 साल पहले अंतरिक्ष में गए थे। शुक्ला के अलावा, गगनयान मिशन के लिए चुने गए चार अंतरिक्ष यात्रियों में से एक, ग्रुप कैप्टन पीबी नायर को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है।
शुक्ला की 18 दिन की अंतरिक्ष यात्रा 1984 में रूसी सोयुज स्पेसक्राफ्ट में अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की उड़ान के 41 साल बाद हुई। एक फाइटर पायलट के तौर पर, शुक्ला के पास Su-30 MKI, MiG-21, MiG-29, Jaguar, Hawk, Dornier और An-32 सहित विभिन्न विमानों में 2,000 घंटे से ज़्यादा उड़ान का शानदार अनुभव है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 70 सशस्त्र बलों के जवानों के लिए वीरता पुरस्कारों को मंज़ूरी दी, जिनमें से छह को यह सम्मान मरणोपरांत मिलेगा। इनमें एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र, एक बार टू सेना मेडल, 44 सेना मेडल, 6 नौसेना मेडल और दो वायुसेना मेडल शामिल हैं।
कीर्ति चक्र पाने वालों में मेजर अर्शदीप सिंह, नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर शामिल हैं। गौरतलब है कि गैलेंट्री अवार्ड्स हर साल रक्षा क्षेत्र में विशेष योगदान एवं वीरता के लिए प्रदान किए जाते हैं।