उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, अगले 2 दिनों में और गिरेगा तापमान, इन प्रदेशों में हुई बारिश-बर्फबारी
Cold Wave: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में बर्फबारी और बूंदाबांदी हुई है। कोहरे के चलते दिल्ली, यूपी और बिहार में विजिबिलिटी कम हुई है। इससे यातायात प्रभावित हुआ है।
- Written By: रंजन कुमार
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड।
India Weather Update: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बूंदाबांदी के साथ मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ शीतलहर ने ठंड काफी बढ़ा दी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है। इससे सड़कों पर वाहन रेंगते रहे तो रेल यातायात के साथ विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ। धुंध के कारण श्री माता वैष्णो देवी में कटरा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों पारा और गिरेगा। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। शीतलहर चलती रहेगी। दिल्ली में ठंड और कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस है। जो मौसम के औसत से 1.3 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस है। हरियाणा में नारनौल और पंजाब में गुरदासपुर रविवार को सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.2 और 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सम्बंधित ख़बरें
MP Weather Update: नौतपा से पहले ही तपने लगा मध्य प्रदेश, 42 जिलों में लू का अलर्ट जारी
आज का मौसम: 17 राज्यों में शुरू होगा तूफानी तांडव! कहीं आंधी-बारिश मचाएगी गदर तो कहीं लू ढाएगी सितम
विदर्भ में आसमान से बरस रही आग: अकोला, अमरावती और वर्धा में हीटवेव का ‘रेड अलर्ट’, पारा 47 डिग्री के पार
Pre Monsoon Rain Alert Pune: महाराष्ट्र में बदला मौसम का मिजाज, पुणे समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफान
बिहार में मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में 4 दिनों तक मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं। 7 शहरों में कोहरा छाया रहेगा। 25 जिलों में ज्यादा ठंड रहेगी। कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के साथ 40 दिनों की कठोर सर्दी वाले चिल्ले कलां की शुरुआत हुई। पर्यटन स्थल सोनमर्ग, गुलमर्ग समेत कश्मीर के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। श्रीनगर में तड़के शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
जम्मू में हल्की बारिश
घाटी के अन्य हिस्सों में तेज बारिश ने लोगों को बाहर नहीं निकलने दिया। जम्मू में हल्की बारिश हुई है। बर्फबारी के कारण जिला राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल मार्ग पर एहतियातन यातायात को बंद किया गया है। मौसम में आए बदलाव से घाटी में दिन के तापमान में गिरावट आई है। रात का तापमान बढ़ा है। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा, धौलाधार की पहाडि़यों समेत लाहुल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। चुराह, भरमौर और चंबा में बूंदाबांदी हुई।
यह भी पढ़ें: डेंजर जोन में राजधानी! दिल्ली में सांस लेना हुआ मुश्किल, विजिबिलिटी गायब, तीन दिनों का अलर्ट जारी
दिल्ली एयरपोर्ट पर 110 उड़ानें रद
आइजीआई एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी कम होने से 110 उड़ानें रद्द कर दी गईं। 700 से अधिक उड़ानें देरी से चलीं। दिल्ली आने वाले 4 विमानों को डायवर्ट कर जयपुर और अहमदाबाद के हवाई अड्डों पर भेजा गया। 15 से 21 दिसंबर तक कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या 806 तक पहुंच गई है। पटना एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की दिल्ली-पटना-दिल्ली एवं इंडिगो की चेन्नई की फ्लाइट रद्द रही। एक दर्जन फ्लाइट आधे घंटा से दो घंटे तक विलंबित रही। दरभंगा एयरपोर्ट से 16 विमानें आठ मिनट से 48 मिनट तक विलंब रही। पटना से होकर गुजरने वाली ढाई दर्जन ट्रेनें भी देर रही। हरिद्वार-राजगीर स्पेशल 20 घंटे, जबकि आनंद विहार-जयनगर गरीब रथ ट्रेन 13 घंटे विलंब से चल रही।
