इंजन खराब, माइलेज कम…E20 पेट्रोल पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल, मोदी सरकार से मांगा जवाब

E20 Fuel Policy: राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल नीति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। वीडियो जारी कर दावा किया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों का माइलेज घट रहा है और इंजन प्रभावित हो रहे हैं।
Rahul Gandhi on E20 Fuel Policy
राहुल गांधी (Image- X/@rahulgandhi)
Published on: 
Updated on: 

Rahul Gandhi on E20 Fuel Policy: देश में E20 पेट्रोल नीति को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की E20 नीति पर सवाल उठाते हुए इसे आम जनता के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कार का पेट्रोल टैंक खोलकर इस नीति पर अपनी बात रखते नजर आए।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि E20 पेट्रोल का मुद्दा कोई छोटी नीतिगत बहस नहीं, बल्कि देश के करोड़ों वाहन चालकों से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “इस मामले में दाल में कुछ काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है।” उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण लोगों की कारों और दोपहिया वाहनों के इंजन प्रभावित हो रहे हैं, माइलेज कम हो रहा है और वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

‘हर वाहन चालक प्रभावित हो रहा’

राहुल गांधी ने कहा कि यह नीति सीधे उन सभी लोगों को प्रभावित कर रही है जो रोजमर्रा के जीवन में वाहन का इस्तेमाल करते हैं। उनके मुताबिक, इससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है और वाहन रखरखाव का खर्च बढ़ रहा है।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में इस समय कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों के इतने मामले सामने हैं कि यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि पहले किस मुद्दे को उठाया जाए। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने दावा किया कि E20 नीति के कारण आम जनता को नुकसान हो रहा है और इसे लेकर सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा।

E20 पेट्रोल को लेकर पहले भी उठे हैं सवाल

हाल के दिनों में E20 पेट्रोल की गुणवत्ता और इसके वाहनों पर प्रभाव को लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे वायरल हुए हैं। हालांकि, केंद्र सरकार और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इन दावों को लेकर कहा है कि देशभर में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है और निर्धारित मानकों के अनुसार ही ईंधन की आपूर्ति की जा रही है।

Rahul Gandhi on E20 Fuel Policy
शिवसेना शिंदे के पास कैसे चली गई? सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में तीखा हमला; चुनाव आयोग पर ही सवाल उठाए

सरकार का कहना है कि ईंधन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए देशभर के पेट्रोल पंपों पर नियमित परीक्षण किए जाते हैं और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित आउटलेट के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com