पुतिन को रिसीव करने एयरपोर्ट जा सकते हैं पीएम मोदी, दोनों देशों के डिप्लोमेसी पर दुनिया की नजर

PM Modi Will Receive Putin: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की दो दिवसीय यात्रा कुछ ही देर में दिल्ली पहुंचने वाले हैं। मिल रही सूचना के अनुसार, पीएम मोदी उनको रिसीव करने एयरपोर्ट जा सकते हैं।
PM Modi may go to the airport to receive Putin, the world is watching the diplomacy between the two countries.
पीएम मोदी और पुतिन, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India Russia Relations: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय भारत यात्रा आज से शुरू हो रही है, और राजधानी दिल्ली इस हाई-प्रोफाइल दौरे के लिए पूरी तरह तैयार दिखाई दे रही है। यूक्रेन युद्ध के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा है, जिसके कारण इस विजिट का कूटनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

शहर के कई हिस्सों में रूसी झंडे, स्वागत बैनर और फ्लेक्स बोर्ड लगाए गए हैं, जबकि सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन हर स्तर पर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। मीडिया के सूत्रों के मुताबिक यह भी जानकारी आ रही है कि प्रधानमंत्री मोदी व्यक्तिगत रूप से एयरपोर्ट जाकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत करेंगे। वहां से दोनों नेता सीधे पीएम आवास पर होने वाले रात्रिभोज के लिए रवाना होंगे।

रक्षा मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बैठकें शुरू

राष्ट्रपति पुतिन के दिल्ली पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही भारत और रूस के रक्षा मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हो चुकी है। यह चर्चा शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच होने वाली 23वीं वार्षिक शिखर बैठक के लिए आधार तैयार करने में अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि बैठक में रक्षा उत्पादन, जॉइंट मैन्युफैक्चरिंग, सैन्य तकनीक हस्तांतरण, लॉजिस्टिक सपोर्ट और भविष्य के रक्षा कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण सहमतियां बन सकती हैं। यह समय भी उल्लेखनीय है, क्योंकि दोनों देश वैश्विक परिदृश्य में बदलते शक्तिसंतुलन के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

दिल्ली के ट्रैफिक अस्थायी बदलाव

उधर, पुतिन की यात्रा के कारण दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्थाओं में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं। पुतिन शाम को राजधानी पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से उनके काफिले के गुजरने के दौरान एनएच-8, धौला कुआं और दिल्ली कैंट क्षेत्र में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी उन्हें एक प्राइवेट डिनर पर होस्ट करेंगे, जिसकी वजह से सरदार पटेल मार्ग, पंचशील मार्ग और शांति पथ के आसपास आवाजाही धीमी रहने की संभावना है। हालांकि दिल्ली पुलिस का दावा है कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए डायवर्जन को लंबे समय तक लागू नहीं रखा जाएगा।

दोपहर में भारत मंडपम् में कार्यक्रम

शुक्रवार को पुतिन का दिन बेहद व्यस्त रहेगा। सुबह राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि देने से शुरुआत होगी। इसके बाद हैदराबाद हाउस में औपचारिक वार्ता और फिर दोपहर में भारत मंडपम् में कार्यक्रम तय है। शाम को राष्ट्रपति भवन में स्टेट बैंक्वेट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी पुतिन की मेजबानी करेंगे।

हर गतिविधि की हो रही मॉनिटरिंग

सुरक्षा के मोर्चे पर भी पुतिन की यात्रा को लेकर अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पांच-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में NSG कमांडो, स्नाइपर्स, एंटी-ड्रोन सिस्टम, जैमर और AI आधारित निगरानी तकनीक तैनात की गई है। महत्वपूर्ण स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले फेशियल रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं।

करीब 40 रूसी सुरक्षा अधिकारी पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं और भारतीय एजेंसियों के साथ समन्वय में काफिले की हर गतिविधि की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पीएम मोदी के साथ मुलाकात के दौरान एसपीजी की विशेष सुरक्षा भी सक्रिय रहेगी।

शुक्रवार की वार्षिक शिखर बैठक में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, भू-राजनीतिक संतुलन और अमेरिकी प्रतिबंधों के प्रभाव जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है। तैयारियों का स्तर और सुरक्षा इंतजाम साफ संकेत देते हैं कि यह यात्रा सिर्फ औपचारिक कूटनीति से आगे बढ़कर वैश्विक रणनीतिक समीकरणों को भी दिशा देने वाली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com