छिंदवाड़ा में कांग्रेस का अनोखा विरोध, कलेक्टर की गैरमौजूदगी में कुत्ते को सौंपा ज्ञापन

Madhya pradesh के छिंदवाड़ा में एक अनोखा विरोध देखने को मिला। यूरिया खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के लिए कांग्रेस ने धरना दिया। कलेक्टर मौजूद नहीं थे तो कुत्ते के गले में ज्ञापन बांध दिया गया।
congress protest in MP
मध्य प्रदेश में कांग्रेस का प्रदर्शन, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Congress protest in MP: किसानों को यूरिया खाद की किल्लत से जूझना पड़ रहा है और इसी मुद्दे पर कांग्रेस ने “किसान बचाओ आंदोलन” के तहत कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेस नेताओं को कलेक्टर मौजूद नहीं मिले, तो उन्होंने गुस्से में कुत्ते के गले में ज्ञापन बांधकर विरोध दर्ज कराया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब यह पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यभर में खाद की भारी कमी है और किसान लंबी-लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं। इसी बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प भी देखने को मिली।

कुत्ते के गले में बांध दिया ज्ञापन

सभा के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व सांसद नकुलनाथ जिला प्रशासन को ज्ञापन देने पहुंचे। ज्ञापन लेने एडीएम आए थे, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि वे ज्ञापन केवल कलेक्टर को ही सौंपेंगे। जब कलेक्टर नहीं मिले तो नाराज होकर उन्होंने विरोध के तौर पर ज्ञापन कुत्ते के गले में बांध दिया। इस दौरान उमंग सिंघार ने कुत्ते को उठाकर प्रदर्शनकारियों के बीच दिखाया।

‘खाद चोरों, कुर्सी छोड़ो’ का जीतू पटवारी ने दिया नारा

जीतू पटवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में खाद की स्थिति बेहद खराब है। किसान घंटों लाइन में लगते हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही। उल्टा, उनके ऊपर पुलिस के डंडे बरसाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा नेता लगातार दावा कर रहे हैं कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है, लेकिन हकीकत यह है कि किसान परेशान हैं। हमने साफ नारा दिया है- खाद चोरों, कुर्सी छोड़ो।

हम सब गिरफ्तारी देने को तैयार हैं: नकुलनाथ

पूर्व सांसद नकुलनाथ ने भी सरकार को घेरा और कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है, जो निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो कांग्रेस आंदोलन और तेज करेगी। नकुलनाथ ने कहा, “आप कितने किसानों पर एफआईआर करेंगे, कितनों को गिरफ्तार करेंगे? हम सब गिरफ्तारी देने को तैयार हैं।”

वहीं, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया ने कलेक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन लगातार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। कांग्रेस नेताओं ने साफ ऐलान किया कि जब तक किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com