उत्तराखंड आपदा: PM मोदी ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, 1200 करोड़ देने का किया ऐलान

Uttarakhand पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए 1200 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया। साथ ही बाढ़ से प्रभावित लोगों से भी बातचीत की।
उत्तराखंड आपदा: PM मोदी ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, 1200 करोड़ देने का किया ऐलान
बाढ़ प्रभावितों से पीएम ने की मुलाकात (सौजन्य सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PM Modi's Visit To Uttarakhand: उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा ने जमकर तबाही मचाई है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर पीएम का स्वागत किया। पीएम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए 1200 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले हवाई सर्वेक्षण करने वाले थे। लेकिन खराब मौसम की वजह से हवाई दौरा रद्द कर दिया गया। कार्यक्रम में बदलाव करते हुए पीएम मोदी ने स्टेट गेस्ट हाउस में ही बैठक की। जहां उन्होंने उत्तराखंड में बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। साथ ही एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) के जवानों से राहत-बचाव की स्थिति का जायजा लिया।

1200 करोड़ देने का किया ऐलान

स्टेट गेस्ट हाउस में बैठक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए 1200 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता का ऐलान किया है। 1200 करोड़ रुपए से उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे की मरम्मत और प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी। इसके साथ ही पीएम ने आपदा के दौरान जान गवाने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की मदद राशि देने की घोषणा भी की। पीएम ने आपदा से निपटने के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।

बाढ़ से प्रभावित लोगों से की बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों से भी बातचीत की। आगे उन्होंने कहा कि, प्रभावित लोगों के लिए संभव मदद देने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इतनी मुश्किल परिस्थिति में भी लोगों ने साहस बनाए रखा, जो वाकई प्रेरणादायक है। हम उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाने में उनकी मदद के लिए मिलकर काम करेंगे। वहीं, एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), आपदा मित्र और अन्य टीमों के सदस्यों से पीएम मोदी ने मुलाकात कर बातचीत की। सभी तरीफ करते हुए पीएम ने कहा कि, कठिन परिस्थितियों में दूसरों की मदद करने के लिए उनका साहस और समर्पण देखकर मुझे बहुत गर्व हो रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com