India AI Impact Summit 2026: पीएम मोदी आज करेंगे आगाज, मैक्रों-लूला सहित दुनिया के कई दिग्गज नेता जुटे

AI Impact Summit: भारत मंडपम में आज से 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' शुरू हो रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे जिसमें मैक्रों और लूला दा सिल्वा समेत कई वैश्विक दिग्गज शामिल हैं।
pm modi ai india summit
पीएम नरेंद्र मोदी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

PM Modi AI Summit Inauguration: दिल्ली का 'भारत मंडपम' आज वैश्विक तकनीक और कूटनीति का महाकेंद्र बना हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 'इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 2026' का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस महाकुंभ में फ्रांस और ब्राजील के राष्ट्रपतियों सहित 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष और दुनिया के सबसे बड़े टेक दिग्गज एक मंच पर जुटे हैं।

एआई समिट के उद्घाटन का शेड्यूल क्या है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार सुबह 9:15 बजे भारत मंडपम पहुंचेंगे, जहां वे सम्मेलन में शामिल होने आए 20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासन प्रमुखों का औपचारिक स्वागत करेंगे। इसके बाद सभी वैश्विक नेताओं के साथ एक सामूहिक तस्वीर ली जाएगी। शिखर सम्मेलन का आधिकारिक उद्घाटन सुबह 9:40 बजे होगा और प्रधानमंत्री मोदी करीब 10:25 बजे सत्र को संबोधित करेंगे। इस उद्घाटन समारोह के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और दुनिया भर के प्रमुख उद्योगपति भी अपने विचार रखेंगे।

वैश्विक दिग्गजों और टेक महारथियों का महाकुंभ

इस समिट की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा, स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज के साथ-साथ भूटान, श्रीलंका, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड और मॉरीशस के प्रधानमंत्री भी शिरकत कर रहे हैं। टेक जगत से गूगल के सुंदर पिचाई, ओपनएआई के सैम अल्टमैन और एनवीडिया के जेनसन हुआंग जैसे दिग्गज भी इस चर्चा का हिस्सा बनेंगे। कुल मिलाकर, इस शिखर सम्मेलन में 500 से अधिक एआई विशेषज्ञ, 100 से अधिक सीईओ, 150 शिक्षाविद और करीब 60 मंत्री-उप मंत्री शामिल हो रहे हैं।

'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय': समिट का विजन

'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' का थीम 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' रखा गया है। इसका लक्ष्य भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। यह सम्मेलन एक ऐसे भविष्य की कल्पना करता है जहां टेक्नोलॉजी का उपयोग मानवता की भलाई और समावेशी विकास के लिए किया जाए। समिट को सात कार्य समूहों में बांटा गया है जो तीन मुख्य स्तंभों- पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस पर केंद्रित रहेंगे।

आज का दिन केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 12 बजे 'लीडर्स प्लेनरी' सत्र में भाग लेंगे, जहां एआई गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा होगी। इसके बाद शाम 5:30 बजे वे दुनिया की शीर्ष तकनीकी कंपनियों के सीईओ के साथ एक गोलमेज बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इस बैठक में निवेश, शोध सहयोग, सप्लाई चेन और एआई प्रणालियों के सुरक्षित उपयोग पर गंभीर मंथन होगा। इसके साथ ही पीएम मोदी कई विश्व नेताओं के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ताएं भी करेंगे, जिससे भारत के रणनीतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com