दुनिया के किसी नेता ने नहीं रुकवाया ऑपरेशन सिंदूर, राहुल के सवाल पर PM का जवाब

PM Modi in Parliament: पीएम मोदी ने कहा कि दुनियां के कोई भी नेता ने ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की बात नहीं की। उन्होंने कहा अमेरिका के उपराष्ट्रपति का फोन आया तो इस पर मेरा जवाब साफ था।
दुनिया के किसी नेता ने नहीं रुकवाया ऑपरेशन सिंदूर, राहुल के सवाल पर PM का जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फोटो- @ANI)
Updated on

PM Modi on Operation Sindoor: संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनिया के किसी भी नेता ने ऑपरेशन सिंदूर रोकने के लिए नहीं कहा। पीएम ने कहा कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने मुझे फोन पर यह बताया था कि पाकिस्तान एक बड़ा हमला करने वाला है और मेरा भी जवाब साफ था कि अगर पाकिस्तान की यही मंशा है, तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।"

सदन में पीएम मोदी ने कहा, "अमेरिका के उपराष्ट्रपति को मेरा जवाब था कि अगर पाकिस्तान की यही मंशा है, तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। हम बड़ा हमला करके जवाब देंगे। मैंने आगे कहा कि हम गोलियों का जवाब गोले से देंगे। यह 9 तारीख की बात है। और 9 तारीख की रात और 10 तारीख की सुबह, हमने पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को नष्ट कर दिया। यही हमारा जवाब था और यही हमारी भावना थी।"

उन्होंने आगे कहा कि 9 मई की आधी रात और 10 मई की सुबह हमारी मिसाइलों ने पाकिस्तान के कोनों पर हमला किया और पाकिस्तान को घुटनों पर आने पर मजबूर कर दिया।

'भारत ने पहले ही कह दिया था...'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जब पाकिस्तान पर करारा प्रहार हुआ, तो पाकिस्तान ने डीजीएमओ को फोन किया और विनती की कि बस, बहुत हो गया। अब हमारे पास और हमले सहने की ताकत नहीं है। कृपया हमले बंद करें। भारत ने पहले ही दिन कह दिया था कि हमने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है। अब अगर आप कुछ भी करेंगे, तो आपको इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। भारत की नीति स्पष्ट थी, सेना के साथ मिलकर तय की गई नीति थी कि उनके आकाओं का ठिकाना हमारा निशाना है।"

'कुछ लोग सेना के तथ्य नहीं बता रहे हैं...'

नरेंद्र मोदी ने कहा कि 10 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत की जा रही कार्रवाई रोकने की घोषणा की, इसे लेकर कई तरह की बातें कही गईं। यह वही दुष्प्रचार है जो सीमा पार से यहां फैलाया गया है। कुछ लोग सेना द्वारा दिए गए तथ्यों की बजाय पाकिस्तान का झूठा प्रचार करने में लगे रहे, जबकि भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है।

'भारत कुछ भी कर सकता है...'

लोकसभा बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज पाकिस्तान भी अच्छी तरह जान गया है कि भारत का हर जवाब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। उसे यह भी पता है कि अगर भविष्य में जरूरत पड़ी, तो भारत कुछ भी कर सकता है। इसलिए मैं लोकतंत्र के इस मंदिर में फिर दोहराना चाहता हूं कि ऑपरेशन सिंदूर चल रहा है।"

उन्होंने आगे कहा कि अगर पाकिस्तान कोई दुस्साहस करेगा, तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा। आज का भारत आत्मविश्वास से भरा है। आज का भारत आत्मनिर्भरता के मंत्र के साथ पूरी शक्ति के साथ तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है। देश देख रहा है कि भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। लेकिन देश यह भी देख रहा है कि एक तरफ़ भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर होती जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com