बेंगलुरु में गरजे पीएम मोदी, बंगाल की जीत जनता को किया समर्पित, बताया क्यों बदल रही है देश की राजनीति

PM Modi Bengaluru Rally News: बेंगलुरू दौरे पर ऑपरेशन सिंदूर को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि साहस और शक्ति की विरासत ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने इस दिन को ऐतिहासिक बताया।
PM Modi Roars in Bengaluru; Dedicates Bengal Victory to the People, Explains Why the Country's Politics Are Changing.
डिजाइन फोटो
Updated on

PM Modi Bengaluru Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन राज्यों के दौरे की शुरुआत बेंगलुरू से हुई। बेंगलुरु दौरे में पीएम मोदी एक विशाल जनसभा में शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते पीएम ने कहा, आज बेंगलुरु की धरती से भगवा सूरज उग आया है। एक भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते मैं समझता हूं कि जब हजारों भाजपा कार्यकर्ता इतनी सुबह एक साथ आ सकते हैं, तो इसका क्या मतलब होता है। मैं आप सभी का आभारी हूं। बंगाल की जीत आपकी भी जीत है। पीएम मोदी ने कहा आज 10 मई की ऐतिहासिक तारीख है। 1857 में आज के ही दिन स्वतंत्रता संग्राम की पहली चिंगारी फूटी थी। समय के साथ ये चिंगारी एक बड़ी ज्वाला में बदल गई, जिसने गुलामी की बेड़ियों को जलाकर भस्म कर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि साहस और शक्ति की विरासत ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इसी भावना से प्रेरित होकर तीन दिन पहले हमने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ भी मनाई। इस दौरान उन्होंने गुजरात दौरे का भी जिक्र किया और कहा, कल सुबह 11 तारीख को मैं गुजरात के सोमनाथ में रहूंगा। वहां मंदिर के पुनर्निर्माण का उत्सव मनाया जाएगा।

गुजरात में टूटे रिकॉर्ड: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज मैं ऐसे समय में बेंगलुरु आया हूं, जब देश में चुनाव परिणामों पर चर्चा चल रही है। पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार एनडीए की सरकार बनना, असम में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनना, बंगाल में पहली बार भाजपा को इतना बड़ा आशीर्वाद मिलना और अभी-अभी 2 सप्ताह पहले गुजरात के पंचायत और निकाय चुनाव में इतनी भारी विजय मिली कि गुजरात भाजपा ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

उन्होंने कहा कि इन राज्यों के चुनाव परिणाम भारत की राजनीतिक दशा-दिशा के लिए महत्वपूर्ण हैं। ये भारत के नौजवानों, महिलाओं, किसानों, गरीबों और मध्यम वर्ग, हर वर्ग का मूड दर्शाते हैं। इन परिणामों का एक बहुत बड़ा संदेश ये भी है कि अस्थिरता में घिरी इस दुनिया में भारत की जनता स्थिरता का मंत्र दे रही है।

'राष्ट्र नीति वाली राजनीति चाहिए'

उन्होंने कहा कि भारत की जनता कह रही है कि हमें स्पीड चाहिए, हमें स्कैम नहीं समाधान चाहिए, हमें राष्ट्र नीति वाली राजनीति चाहिए। आज पूरा देश भाजपा की राष्ट्र नीति के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कि सिर्फ 10 साल पहले बंगाल में हमारे सिर्फ 3 एमएलए थे। लेकिन आज वहां 200 से भी अधिक विधायकों के साथ भाजपा की सरकार है। अभी केरलम में भी हम 1 से 3 एमएलए पर पहुंच गए हैं। अब वो दिन दूर नहीं, जब केरलम में भी भाजपा-एनडीए की संख्या 3 से बढ़कर बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएगी।

100 का आंकड़ा छू नहीं पाए

सभा में पीएम मोदी ने संबोधन में कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा, हम 12 साल से केंद्र में हैं, देश के 21 से ज्यादा प्रदेशों में भाजपा-एनडीए की सरकारें हैं। हम राज्य के विकास से देश के विकास का मंत्र लेकर काम कर रहे हैं। लेकिन, दूसरी तरफ आप कांग्रेस को देखिए, जिस पार्टी को 40 साल पहले 400 से अधिक सीट मिली थी।

वो पिछले 3 इलेक्शन में सबकुछ मिलाकर भी 100 का आंकड़ा छू नहीं पा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों का अहंकार अधिक है कि अपनी पराजय के लिए भी वो पूरी दुनिया को दोष दे रहे हैं।

गुड गवर्नेंस ही हमारा मॉडल

पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को घेरते हुए कहा, संविधान, लोकतंत्र, संवैधानिक प्रक्रियाएं, कोर्ट के प्रति भी घृणा, मेरे सार्वजनिक जीवन में मैंने कभी भी किसी भी मुख्यधारा की पार्टी को ऐसा करते हुए नहीं देखा। वो इतनी निराशा की गर्त में डूबे हुए हैं कि गाली-गलौच और भद्दी भाषा के सिवाय उनके पास कोई एजेंडा नहीं बचा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकारों के लिए लोक कल्याण सर्वोपरि है।

हमारा मंत्र सबका साथ-सबका विकास है। हमारा मॉडल गुड गवर्नेंस का है। इसलिए हर राज्य में जनता भाजपा को दूसरी-तीसरी बार फिर से सेवा करने का अवसर देती है। लेकिन कांग्रेस की कोई भी राज्य सरकार दूसरी बार सत्ता में वापस नहीं लौटी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com