धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष, राहुल गांधी बोले- ‘संसद में फिर बंद किया मेरा माइक’
Rahul Gandhi Speech:संसद के मानसून सत्र में नीट मुद्दे पर हंगामा जारी है। राहुल गांधी ने माइक बंद करने का आरोप लगाया, वहीं विपक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान को हटाए बिना चर्चा में शामिल होने से इनकार कर दिया
- Written By: अनन्या तिवारी
राहुल गांधी (सोर्स-IANS)
Opposition Refuses Parliament Discussion Without Dharmendra Pradhan Resignation: संसद के मॉनसून सत्र के दौरान कांग्रेस के सांसदों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें पद से नहीं हटाया जाता, तब तक इस मुद्दे पर किसी भी चर्चा में भाग नहीं लिया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश और फास्ट ट्रैक कोर्ट के सुझाव पर भी विपक्ष ने सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने माइक बंद किए जाने का लगाया आरोप
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें सदन में अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। संसदीय परंपरा के अनुसार, यदि किसी सदस्य का नाम लिया जाता है तो उसे जवाब देने का अधिकार होता है लेकिन जब वह केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बयान का जवाब देना चाहते थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया और उन्हें बोलने नहीं दिया गया।
विपक्ष की तीन प्रमुख मांगें
राहुल गांधी ने विपक्ष का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि छात्रों की तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए। दूसरी, छात्रों पर कथित कार्रवाई और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। तीसरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री को नहीं हटाया जाता, तब तक विपक्ष किसी चर्चा या बातचीत में हिस्सा नहीं लेगा।
सम्बंधित ख़बरें
भंडारा में पेपर लीक और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में उग्र प्रदर्शन, बंद को मिला समर्थन
NEET बवाल के बीच विनीत जोशी की छुट्टी! सरकार ने नियुक्त किया नया शिक्षा सचिव; जानें कौन हैं नरेश पाल गंगवार
ऐन मौके पर बदला वेन्यू, विट्ठल हाउस में CJP और सरकार की बड़ी बैठक, उधर कैबिनेट मीटिंग भी जारी, होगा अहम फैसला!
शर्म बेचकर खा गए हैं धर्मेंद्र प्रधान! कोई इतना बेशर्म कैसे हो सकता है, MNS नेता का इस्तीफा न देने पर सवाल
कार्ति चिदंबरम ने उठाए जवाबदेही और फास्ट-ट्रैक कोर्ट के सवाल
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि विपक्ष नीट पेपर लीक मामले पर गंभीर बहस और जवाबदेही चाहता है। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भविष्य में प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक पेपर लीक रोकने के लिए क्या ठोस व्यवस्था की जाएगी। उनके अनुसार छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था आवश्यक है। फास्ट-ट्रैक कोर्ट केवल भवन नहीं होते बल्कि उनके लिए न्यायाधीश, कोर्ट मास्टर और अन्य स्टाफ की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन व्यवस्थाओं को कब पूरा किया जाएगा।
नसीर हुसैन ने निष्पक्ष जांच की मांग की
कांग्रेस सांसद नसीर हुसैन ने भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों, छात्रों और सांसदों का मानना है कि इस पूरे मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नीट सहित अन्य परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं और छात्रों के खिलाफ हुई कथित हिंसा की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
दीपेंद्र हुड्डा ने प्रधानमंत्री के बयान पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश में छात्रों या विपक्ष की ओर से फास्ट-ट्रैक कोर्ट की मांग नहीं उठाई गई थी। जिन मुद्दों की मांग ही नहीं की गई, प्रधानमंत्री उन पर बात कर रहे हैं जबकि जिन वास्तविक मांगों को लेकर छात्र और विपक्ष आंदोलन कर रहे हैं, उन पर सरकार कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है। विपक्ष की प्राथमिक मांग शिक्षा मंत्री का इस्तीफा और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई है।
हिबी ईडन ने संसद में प्रधानमंत्री के बयान की मांग की
कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने प्रधानमंत्री से संसद में उपस्थित होकर इस मुद्दे पर विस्तृत बयान देने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 150 से ज्यादा बार विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन सरकार ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि इस विषय को पहले भी संसद में उठाया गया था और जांच समिति बनाने का सुझाव दिया गया था, लेकिन उस पर कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि देश के छात्र, अभिभावक और आम नागरिक इस स्थिति से चिंतित हैं तथा पूरे मामले में जवाबदेही तय होना जरूरी है।
-IANS ऐजेंसी इनपुट
