पीएम मोदी और नितिन नबीन, फोटो- सोशल मीडिया
BJP National President Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी कमान संभालते ही चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने एक्शन मोड में आते हुए केरल, बेंगलुरु और तेलंगाना के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं।
नितिन नबीन ने मंगलवार को जे.पी. नड्डा की जगह लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन में पीढ़ीगत बदलाव के जरिए अपना प्रभाव विस्तारित करना चाहती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तो वह एक कार्यकर्ता हैं और नितिन नबीन उनके ‘बॉस’ हैं।
पार्टी अध्यक्ष के रूप में अपनी पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए नितिन नबीन ने राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को केरल विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। केरल में अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। उनके साथ केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, विनोद तावड़े को चंडीगढ़ के नए मेयर चुनाव की देखरेख की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
ग्रेटर बेंगलुरु कॉर्पोरेशन चुनाव के लिए भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता राम माधव को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया और महाराष्ट्र के विधायक संजय उपाध्याय को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ये नियुक्तियां पार्टी की ओर से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
आगामी तेलंगाना नगर पालिका और निगम चुनाव के लिए भी नए प्रभारियों की घोषणा की गई है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
यह भी पढे़ं: BJP में मोदी बनाम योगी? VIDEO सामने आते ही गरमाई सियासत, नितिन की ताजपोशी से भाजपा में ‘नवीन’ भूचाल
नितिन नबीन ऐसे समय में अध्यक्ष बने हैं जब भाजपा चुनावी राजनीति पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पदभार संभालते ही जिस तरह से उन्होंने विभिन्न राज्यों में चुनावी प्रभारियों की नियुक्ति की है, वह संकेत देता है कि आने वाले समय में संगठन और अधिक आक्रामक तरीके से कार्य करेगा।