Aaj Ka Mausam: इन राज्यों में 80kmph की रफ्तार से तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, IMD की बड़ी चेतावनी

IMD Monsoon Alert: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों के लिए 19 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 80 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
Weather Update: Alert for storms with speeds of 80 kmph and heavy rain in these states; major warning from the IMD.
मौसम की सांकेतिक फोटो- नवभारत
Published on
Updated on

IMD Heavy Rain Monsoon Alert: भीषण गर्मी से तप रहे देशवासियों के लिए मानसून की दस्तक हमेशा राहत का संदेश लेकर आती है, लेकिन इस बार की परिस्थितियां कुछ अलग नजर आ रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने देश के एक बड़े हिस्से के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले 24 से 72 घंटों के दौरान देश के 19 राज्यों में मौसम अचानक खतरनाक रूप ले सकता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहे मौसमी तंत्रों के कारण बारिश का दायरा तेजी से बढ़ रहा है।

19 राज्यों में 'कुदरत का तांडव'

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून को केरल में अपनी आधिकारिक दस्तक दे दी है, जिसके बाद से पूरे देश के मौसम में बड़े बदलाव देखे जा रहे हैं। IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और अरब सागर से आ रही नमी की वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र सहित 19 राज्यों में स्थिति बिगड़ सकती है। कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-NCR में हाई अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में 5 जून को मौसम अचानक करवट ले सकता है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और उसके बाद तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं। मेरठ, मुजफ्फरनगर, लखनऊ और आगरा समेत कई जिलों में 80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बिहार में भी 5 और 6 जून को मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। पटना, गया, बक्सर और मुजफ्फरनगर जैसे जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में भी 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है।

पहाड़ों पर पर्यटकों के लिए विशेष सावधानी

गर्मी की छुट्टियों में पहाड़ों की ओर रुख करने वाले पर्यटकों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल सहित कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बड़े ओले गिरने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कुल्लू जैसे इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

सावधानी ही बचाव है

खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज आंधी और बारिश के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। विशेष रूप से खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com