PM मोदी ने किया पुतिन का भव्य स्वागत, आज होने वाले कई अहम समझौतों पर एक नजर

Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत दौरे पर पहुंचे। दोनों नेता एक ही कार से पीएम आवास पहुंचे और वन-टू-वन बातचीत की। आज बड़े रक्षा, व्यापार और परमाणु समझौते होने की उम्मीद है।
Putin India Visit
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India Russia Defence Deals: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम को दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल से ऊपर उठकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास पहुंचे, जहां गहन अनौपचारिक चर्चा हुई। इस दौरे का मुख्य फोकस आज होने वाली उच्च-स्तरीय कूटनीतिक वार्ता है, जिसमें दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं कि दोनों पुराने दोस्त अब कौन सा नया प्लान तैयार करते हैं।

प्रोटोकॉल तोड़कर दोस्ती का संदेश

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत आगमन गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ। उनके स्वागत के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल की सीमाएं लांघते हुए पुतिन का न केवल स्वागत किया, बल्कि उन्हें गले भी लगाया। इसके बाद, दोनों नेता प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग तक एक ही कार में साथ बैठकर पहुंचे। यह गर्मजोशी भरा स्वागत दोनों देशों के बीच मजबूत और गहरे व्यक्तिगत संबंधों को दर्शाता है। पीएम आवास पर दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक वन-टू-वन बातचीत हुई, जिसके बाद पीएम मोदी ने पुतिन के सम्मान में डिनर का आयोजन किया। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब वैश्विक स्तर पर कई उथल-पुथल मची हुई है, जिससे इस शिखर सम्मेलन का महत्व और बढ़ जाता है।

आज रहेगा व्यस्त कार्यक्रम

आज शुक्रवार, 5 दिसंबर को राष्ट्रपति पुतिन का दिन व्यस्त रहने वाला है। सुबह उन्हें राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत के साथ तीनों सेनाओं का गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद, वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

इन औपचारिकताओं के बाद, पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन हैदराबाद हाउस में उच्च-स्तरीय कूटनीतिक वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडलों के साथ मुलाकात करेंगे। इस दौरान, कई अहम द्विपक्षीय समझौतों पर मुहर लगने की उम्मीद है। पुतिन के साथ रूस के फर्स्ट डिप्टी PM, रक्षा मंत्री और रूसी सेंट्रल बैंक की गवर्नर समेत लगभग 75 बड़े कारोबारी आए हैं, जो व्यापार और निवेश की संभावनाओं को दर्शाते हैं।

इन बड़ी डील्स पर टिकी हैं निगाहें

इस शिखर सम्मेलन में रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में कई बड़े समझौते होने की संभावना है।

  • रक्षा: भारत को S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की बची हुई दो बैटरियां जल्द मिलेंगी, साथ ही S-500 सिस्टम में सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइल की अगली पीढ़ी को मिलकर विकसित करने पर चर्चा होगी। रूस ने सुखोई-57 फाइटर जेट के संयुक्त उत्पादन का ऑफर भी दिया है।
  • ऊर्जा और व्यापार: रूसी कंपनी रोसाटोम भारत में और न्यूक्लियर रिएक्टर लगाने का करार कर सकती है। इसके अलावा, अंतरिक्ष, हाई-टेक सेक्टर और कनेक्टिविटी में नए समझौते होंगे। भारत अपने व्यापार असंतुलन को दूर करने के लिए दवाइयां, ऑटोमोबाइल और कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ाने पर जोर देगा।
  • द्विपक्षीय संबंध: मोदी और पुतिन की यह 17वीं मुलाकात है, जो उनकी 25 साल पुरानी दोस्ती को दर्शाती है। रूस भारत का सबसे भरोसेमंद रक्षा दोस्त रहा है और इन डील्स से पाकिस्तान और चीन में बेचैनी बढ़ना तय है। यह शिखर सम्मेलन पूरी दुनिया को भारत-रूस की मजबूत साझेदारी का स्पष्ट संदेश देगा।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com