मिजोरम विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे आज, सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
- Written By: शुभम सोनडवले
आइजोल. मिजोरम में विधानसभा चुनाव (Mizoram assembly election) की सोमवार को होने वाली मतगणना (Counting) के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। इस बार चुनाव में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है।
मिजोरम में मतगणना रविवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साथ होनी थी। हालांकि, राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों, चर्च और छात्र संगठनों की अपील के बाद निर्वाचन आयोग ने इसे स्थगित कर दिया क्योंकि रविवार का दिन ईसाई बहुल मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।
8.30 बजे से EVM में पड़े वोटों की गिनती
मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच लियानजेला ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 13 केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इन 13 केंद्रों पर 40 विधानसभा सीट में से प्रत्येक के लिए एक मतगणना हॉल बनाया गया है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी और सुबह 8.30 बजे से ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू होगी।
सम्बंधित ख़बरें
MP News: ‘केवल शासन के भरोसे गौमाता की रक्षा संभव नहीं’, कैलाश विजवर्गीय का बड़ा बयान; गाय को लेकर कही यह बात
ठाकरे को विदर्भ में बड़ा झटका, 29 गाड़ियों का काफिला और 250 पदाधिकारियों के साथ सुरेश मापारी भाजपा में शामिल
ममता के गढ़ फिर खिला कमल, BJP उम्मीदवार ने करीब 1 लाख वोटों से जीता चुनाव; TMC के जहांगीर खान की करारी हार
सिर कलम करने पर 1 करोड़ का इनाम! भाजपा नेता की धमकी पर टीएमसी सांसद सायोनी घोष का करारा जवाब
मतगणना में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल
एच लियानजेला ने कहा कि 12 विधानसभा क्षेत्रों वाले आइजोल जिले में तीन मतगणना केंद्र जबकि 10 अन्य जिलों में एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ सीट पर जहां मतदाताओं की संख्या कम है, केवल दो दौर की गिनती होगी, लेकिन अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में पांच दौर की गिनती होगी। मतगणना प्रक्रिया में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, ईवीएम के लिए 399 टेबल और डाक मतपत्रों की गिनती के लिए 56 टेबल होंगी।
80% लोगों ने किया था मतदान
मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चुनाव में 18 महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं। एमएनएफ, जेडपीएम और कांग्रेस ने 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा ने 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। मिजोरम में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा 17 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे। (एजेंसी)
