कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को बताया ‘21वीं सदी के भारत का निर्माता’, जयंती पर पीएम मोदी ने भी किया याद

पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh की जयंती पर कांग्रेस नेताओं ने उन्हें याद करते हुए उनकी नीतियों, सादगी और आर्थिक सुधारों की सराहना की। खड़गे ने कहा कि उनका नेतृत्व भारत के लिए निर्णायक साबित हुआ।
manmohan singh
मनमोहन सिंह, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Manmohan Singh Birth Anniversary: 26 सितंबर को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर कांग्रेस समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें याद किया। सोशल मीडिया पर चलाए गए श्रद्धांजलि संदेशों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, कुमारी शैलजा और कई अन्य नेताओं ने डॉ. सिंह को भारतीय अर्थव्यवस्था के बदलाव का सूत्रधार बताया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "हम राष्ट्र निर्माण में डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हैं। वे भारत के आर्थिक परिवर्तन के सौम्य निर्माता थे। उनकी नीतियों ने लाखों लोगों को गरीबी से निकाला और एक मजबूत मध्यम वर्ग को जन्म दिया।" उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. सिंह की सोच में करुणा और विकास दोनों शामिल थे। वे मानते थे कि आर्थिक प्रगति और सामाजिक न्याय साथ-साथ चल सकते हैं। खड़गे ने डॉ. सिंह को ईमानदारी और शुचिता का प्रतीक बताया।

राहुल गांधी बोले- उनकी ईमानदारी हमेशा प्रेरणा देगी

राहुल गांधी ने भी 'एक्स' पर डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, "उनकी सादगी, विनम्रता और ईमानदारी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने गरीबों के हक़ में बड़े और साहसिक निर्णय लिए और एक मजबूत अर्थव्यवस्था की नींव रखी।" साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जन्म-जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। हम उनके लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान देश के लिए उनके योगदान को याद करते हैं।"

अन्य नेताओं ने भी किया याद

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि डॉ. सिंह के साथ काम करना उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा, "उनका सरल स्वभाव, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण हर किसी के लिए प्रेरणा है।" साथ ही एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी की राज्य इकाई ने भी डॉ. सिंह को याद करते हुए उनकी आर्थिक नीतियों की तारीफ की।

बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों की नई दिशा दिखाई। उनके समावेशी और प्रगतिशील सोच ने 21वीं सदी के भारत को स्वर्णिम अध्याय प्रदान किया। उनकी जयंती पर हम उनके अमूल्य योगदान और प्रेरणादायी विरासत को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।"

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "महान अर्थशास्त्री और भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करता हूं। डॉ. साहब का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा और भारत की आर्थिक समृद्धि के लिए समर्पित रहा।"

आर्थिक सुधारों के जनक

कई अन्य नेताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने 1991 में भारत के वित्त मंत्री के तौर पर आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी। उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों ने देश को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धी बनाया। प्रधानमंत्री रहते हुए भी उन्होंने सामाजिक कल्याण, शिक्षा और तकनीकी विकास को प्राथमिकता दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com