‘सेक्युलर’ और ‘सोशलिस्ट’ शब्द नहीं हट सकते, खरगे ने बीजेपी-RSS को दी चुनौती
Congress: मल्लिकार्जुन खरगे ने हैदराबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि उनकी मेहनत से तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार बनी। उन्होंने आरएसएस-भाजपा के साथ ही केंद्र सरकार की विदेश नीति की आलोचना की।
- Written By: अर्पित शुक्ला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
हैदराबाद: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विदेश नीति को ‘दोषपूर्ण’ बताते हुए कहा कि इसने भारत के चारों ओर दुश्मन पैदा कर दिए हैं। खरगे ने यहां ‘सामाजिक न्याय समारा भेरी’ को संबोधित करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को संविधान की प्रस्तावना से ‘समाजवादी’ और ‘पंथनिरपेक्ष’ शब्दों को हटाने की चुनौती दी।
खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के 42 देशों की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन अब तक उन्होंने मणिपुर का दौरा नहीं किया है, जहां लोग मर रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, “उनकी विदेश नीति अच्छी नहीं है, जिसकी वजह से हमारे चारों तरफ दुश्मन बन गए हैं। एक तरफ चीन है, तो दूसरी तरफ पाकिस्तान। आज नेपाल भी हमसे दूर होता जा रहा है। हर कोई हमसे दूर हो रहा है।”
RSS का बयान
हाल ही में, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी एक पत्रिका में प्रकाशित लेख में कहा गया कि सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने संविधान की प्रस्तावना में शामिल ‘समाजवादी’ और ‘पंथनिरपेक्ष’ शब्दों की समीक्षा का आह्वान संविधान को खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस की आपातकालीन युग की नीतियों की ‘विकृतियों’ से मुक्त होकर इसकी ‘मूल भावना’ को बहाल करने के लिए किया था।
सम्बंधित ख़बरें
पेपर लीक से राम मंदिर विवाद तक… MP कांग्रेस का बड़ा ऐलान, आज से पूरे प्रदेश में ‘गूंज आंदोलन’
वो शरणार्थी नहीं, धर्म के योद्धा थे! भारत-पाक विभाजन पर बोले RSS चीफ मोहन भागवत, सिंधी समाज को लेकर कही ये बात
Exclusive: हां.. मीनाक्षी नटराजन के केस के बारे में हमें सोर्स ने बताया था, हेमंत खंडेलवाल ने खोले कई राज
वंदे मातरम विवाद: कांग्रेस की दोनों महिला पार्षदों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
हिम्मत है तो हटाकर दिखाओ
खरगे ने होसबाले के आह्वान पर कहा, “मैंने सुना है कि आरएसएस के लोग कह रहे हैं कि वे संविधान से समाजवादी और पंथनिरपेक्ष शब्द हटा देंगे। मैं आपको या आपकी भाजपा या शाह को चुनौती देता हूं। कोई भी इन्हें नहीं हटा सकता, हिम्मत है तो हटाकर दिखाओ।” उन्होंने मोदी पर पिछले 11 वर्ष में देश की अर्थव्यवस्था को “चौपट” करने और संविधान को “तहस-नहस” करने का आरोप लगाया।
मोदी जी, आप कहां हैं?
खरगे ने कहा कि कांग्रेस मोदी को सबक सिखाकर रहेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने का आग्रह किया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह केंद्र में सत्ता में लौटे और देश की दिशा बदल दे। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मोदी दूसरे देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को गले लगाते हैं, लेकिन अपने देश के आम लोगों और किसानों को नजरअंदाज करते हैं।
AIMIM की तरफ से लालू को पत्र, क्या लालटेन के साथ उड़ेगी ओवैसी की पतंग?
उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अगर कोई मोदी को टोपी या पदक दे, तो वह उसे पहनकर घूमेंगे।” खरगे ने कहा कि मोदी को भारतीय किसानों और लोगों की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मोदी जी, आप कहां हैं? वह आठ देशों का दौरा कर रहे हैं, लेकिन अपने देश के लोगों की ओर नहीं देख रहे। वह इस देश के किसानों की ओर नहीं देख रहे।”
(एजेंसी इनपुट के साथ)
