

Ladakh 5 New Districts LG Vinai Kumar Saxena: भारत के केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। लद्दाख में अब कुल 7 जिलों को मंजूरी मिल गई है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना ने इस बात की जानकारी दी।
उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना ने लद्दाख के लिए इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने बताया कि लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी मिल गई है, जिससे लद्दाख के लोगों की आकांक्षाएं और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
इन 5 जिलों के गठन के साथ ही अब लद्दाख (Ladakh) में अब 2 जिलों के बजाय कुल सात जिले होंगे। लद्दाख के उपराज्यपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित और समृद्ध लद्दाख' के विजन के अनुरूप है।
उपराज्यपाल ने पोस्ट में लिखा कि यह परिवर्तनकारी फैसला, जिसे अगस्त 2024 में गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में गृह मंत्रालय द्वारा पहले ही मंज़ूरी दी जा चुकी है, ज़मीनी स्तर पर शासन को मजबूत करेगा, प्रशासन का विकेंद्रीकरण करेगा और लद्दाख के लोगों तक, विशेष रूप से दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वालों तक, सार्वजनिक सेवाओं की तेज़ गति से पहुंच सुनिश्चित करेगा।
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आगे लिखा, नए जिलों का गठन, शासन को नागरिकों के और करीब लाने के अलावा, विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा करेगा। मैं यह सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को दोहराता हूं कि लद्दाख के प्रत्येक नागरिक को इस ऐतिहासिक फैसले का लाभ मिले, क्योंकि हम सब मिलकर एक उज्जवल, मज़बूत और अधिक समृद्ध भविष्य की ओर अग्रसर हैं।