एल. मुरुगन ने पीएम मोदी को सौंपा इस्तीफा, दिल्ली से लेकर तमिलनाडु तक मची हलचल, मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चा तेज

Modi Cabinet Reshuffle 2026: एल. मुरुगन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता से मुक्त करने का अनुरोध किया। तमिलनाडु में भाजपा संगठन मजबूत करने पर उनका फोकस रहेगा।
L Murugan Resignation
केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने मोदी कैबिनेट से इस्तीफा दिया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • एल. मुरुगन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्री पद छोड़ने का अनुरोध किया।

  • मुरुगन तमिलनाडु में भाजपा संगठन मजबूत करने पर ध्यान देना चाहते हैं।

  • उनका लक्ष्य 2029 लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी का विस्तार करना है।

  • उनके फैसले के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज हुईं।

L Murugan Resignation: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री और तमिलनाडु भाजपा के कद्दावर नेता एल. मुरुगन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने कैबिनेट में अपनी जिम्मेदारियों और राज्यसभा की सदस्यता से मुक्त करने का अनुरोध किया है। मुरुगन अब तमिलनाडु में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना चाहते हैं। उनके इस फैसले के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, एल. मुरुगन ने पीएम मोदी को पांच पन्नों का पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और तमिलनाडु की सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात रही है। अब वह राज्य में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काम करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री के पद से मुक्त करने और राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने की अनुमति मांगी है।

2029 के लोकसभा चुनाव पर है नजर

मुरुगन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह तमिलनाडु के गांवों, गलियों और अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठन का विस्तार करना और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए जमीन तैयार करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री के भरोसे और मार्गदर्शन के लिए आभार जताते हुए कहा कि अब वह राज्य में पार्टी के लिए पूरा समय देना चाहते हैं।

एल. मुरुगन सितंबर 2021 से राज्यसभा के सदस्य हैं। अप्रैल 2024 में वह मध्य प्रदेश से दोबारा उच्च सदन के लिए चुने गए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। हालांकि, उन्होंने अब राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने का अनुरोध किया है। उनके इस्तीफे से केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक और पद रिक्त होने की संभावना है। उनके अगले राजनीतिक कदम पर अब सबकी नजर बनी हुई है।

मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज

मुरुगन के इस्तीफे के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इससे पहले जॉर्ज कुरियन भी इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं, रवनीत सिंह बिट्टू ने जुलाई में राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। इन घटनाक्रमों के बीच मंत्रिमंडल में खाली पदों को भरने की चर्चा हो रही है। हालांकि, भाजपा नेतृत्व की ओर से कैबिनेट के विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

कब होगा मंत्रिमंडल का विस्तार?

केंद्रीय मंत्रिमंडल में कुछ पद पहले से खाली हैं। इसके अलावा, राज्यसभा से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के कारण भी राजनीतिक हलकों में नए फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही हैं। हरदीप सिंह पुरी को हालिया राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश से दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था, हालांकि वह केंद्रीय मंत्रिमंडल में बने हुए हैं। ऐसे में कैबिनेट में बदलाव की संभावना पर नजर रहेगी, लेकिन अभी किसी तारीख या नए मंत्रियों के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com