Jharkhand Election: झामुमो ने दो IPS समेत CEC को हटाने के लिए पत्र लिखा, BJP पर लगाए आरोप

झारखण्ड में चल रहे विधानसभा चुनाव को लेकर रोज़ाना कोई नया बखेड़ा खड़ा हो रहा है। कांग्रेस के बाद अब राज्य की सत्ताधारी झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने एक पत्र लिखा है, जिसमे मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा दो आईपीएस को हटाने की मांग की हैं।
तस्वीर झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य की है
प्रेसवार्ता करते JMM प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य [स्रोत: @JmmJharkhand]
Published on: 
Updated on: 

रांची: सूबे की सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय आनंद लाठकर और एवी होमकर पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया है। झामुमो ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तीनों अधिकारियों को चुनाव से पहले हटाने की मांग की है। वहीं, भाजपा ने बिना सबूत आरोप लगाने पर झामुमो प्रवक्ता पर कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले पर झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य का कहना है कि गिरिडीह पुलिस ने आज मंडल मुर्मू के साथ कुछ अन्य व्यक्तियों को ले जा रहे वाहन को रोका। जब पूछा गया, तो वाहन में बैठे लोगों ने बताया नहीं कि वे कहां जा रहे थे। इसलिए, पुलिस ने वाहन को हिरासत में ले लिया। मंडल मुर्मू झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावकों में से एक हैं, जिन्होंने बरहाइट विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया है।

अपने बयान में भट्टाचार्य ने कहा कि हेमंत सोरेन हमारे स्टार प्रचार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोरेन के प्रस्तावक को चुनावी नतीजों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने के लिए प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार और दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करके गिरिडीह प्रशासन पर वाहन छोड़ने के लिए दबाव डाल रहे हैं। भट्टाचार्य ने दावा किया कि यह आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है और उन्होंने चुनाव आयोग से मामले की जांच करने का आग्रह किया।

निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग

प्रवक्ता भट्टाचार्य ने चुनाव आयोग से झारखंड में निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सीईओ के साथ-साथ आईपीएस अधिकारियों संजय आनंद लाठकर और एवी होमकर को उनके चुनावी कर्तव्यों से मुक्त करने का भी आग्रह किया। अब देखना यह होगा कि झामुमो के इन आरोपों पर भाजपा की क्या प्रतिक्रिया होती है तथा चुनाव आयोग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com