मोदी की बात में जमीन-आसमान का फर्क, ट्रंप-मुनीर की बैठक पर भड़के जयराम रमेश, कहा- हमारी हैसियत...

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और जनरल असीम मुनीर की बैठक को भारतीय विदेश नीति की विफलता बताया। उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
मोदी की बात में जमीन-आसमान का फर्क, ट्रंप-मुनीर की बैठक पर भड़के जयराम रमेश, कहा- हमारी हैसियत...
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के साथ बैठक करने वाले हैं। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव और सांसद जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। रमेश ने इसे सरकार की विदेश नीति की विफलता बताते हुए कहा कि पीएम की बातों और सच्चाई में जमीन-आसमान का फर्क होता है।

पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पांच दिनों की यात्रा पर अमेरिका गए हैं, जहां वह अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित परेड में शामिल हुए। ट्रंप आज मुनीर के साथ लंच करने वाले हैं। इसे लेकर कांग्रेस नेता सरकार पर हमलावर हैं और इसे उनकी विफलता बता रहे हैं।

भारतीय कूटनीति बिखर रही है

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि भारतीय कूटनीति बिखर रही है, लेकिन प्रधानमंत्री पूरी तरह चुप हैं। उन्होंने कहा, असीम मुनीर ने आग लगाने का जो बयान दिया था, उसका सीधा संबंध 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले से है। आज इसी व्यक्ति को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भोजन करने का विशेष निमंत्रण मिला है। हमारा प्रतिनिधिमंडल तो केवल उपराष्ट्रपति से मिल सकता था लेकिन असीम मुनीर राष्ट्रपति से मिले हैं।

उन्होंने कहा, आज खबर आई है कि प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 35 मिनट तक फोन पर बात हुई। राष्ट्रपति ट्रंप ने बातचीत के बारे में जो कहा और हमें जो कहा गया, उसमें जमीन आसमान का फर्क है। उन्होंने पीएम से सवाल करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री आप एक सर्वदलीय बैठक क्यों नहीं बुलाते हैं? आप विपक्ष को क्यों नहीं बुलाते हैं? आप सर्वदलीय बैठक में कहिए कि आपकी डोनाल्ड ट्रंप से क्या बात हुई?

ट्रंप ने क्यों नहीं लगाया गले

जयराम रमेश सवाल करते हुए पूछा कि, राष्ट्रपति ट्रंप एक दिन पहले ही जी7 शिखर सम्मेलन छोड़कर चले गए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गले लगाने से मना कर दिया? रमेश ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद 14 बार यह दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम कराया है जिसका मतलब है कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर' को खत्म करा दिया। उन्होंने कहा, अमेरिकी केंद्रीय कमान के प्रमुख जनरल माइकल कुरिल्ला ने आतंकवाद विरोधी अभियानों में पाकिस्तान को अभूतपूर्व साझेदार बताया था। रमेश ने दावा किया कि यह नमस्ते ट्रंप और हाउडी मोदी को यह तिहरा झटका है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com