तीन दिनों में 1.40 करोड़ LPG बुकिंग…सरकार ने बताया कितनी हुई डिलीवरी, भारत पहुंच रहे गैस से भरे दो जहाज

West Asia Crisis: पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने भरोसा दिलाया कि देश में LPG, कच्चे तेल और गैस की पर्याप्त सप्लाई है। होर्मुज पार कर दो जहाज भारत आ रहे हैं।
LPG Gas
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

West-Asia Tension: पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच सरकार ने कहा है कि पूरे देश में पर्याप्त मात्रा में कच्चा तेल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस उपलब्धत करने के लिए कदम उठाए गए हैं। पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर आज अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव, सुजाता शर्मा ने बताया कि पूरे देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है।

उन्होंने दावा किया कि किसी भी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर स्टॉक खत्म होने की कोई सूचना नहीं मिली है। सरकार ने कहा कि रिफाइनरियां अपनी अधिकतम क्षमता पर काम कर रही हैं और एलपीजी कनेक्टिविटी में भी बढ़ोतरी हुई है।

कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति 70 प्रतिशत तक पहुंची

सुजाता शर्मा ने बताया कि सप्लाई चेन में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए, कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बहाली करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस साल मार्च से अब तक सात लाख से अधिक नए एलपीजी कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं, वहीं लगभग 7.50 लाख नए उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है। सरकार ने बताया कि पिछले तीन दिनों में, करीब 1.40 करोड़ एलपीजी बुकिंग की गई, जिनमें से लगभग 1.39 करोड़ बुकिंग की सप्लाई कर दी गई है। इस महीने की पहली तारीख से अब तक, करीब 83,500 टन कमर्शियल एलपीजी की भी बिक्री हुई है, वहीं केवल पिछले तीन दिनों में 23,820 टन से अधिक की बिक्री हुई है।

‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से आ रहे हैं दो जहाज

जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि 90 हजार मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी और 20 से अधिक चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहे दो जहाज कल रात ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को पार कर गए हैं और उनके इस महीने की 16 तारीख को भारत पहुंचने की उम्मीद है।

सरकार ने बताया कि भारतीय व्यापारिक जहाज ‘MSV हाजी अली’, जो सोमालिया से संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह की यात्रा पर था, ओमान के जलक्षेत्र में कल तड़के एक घटना का शिकार हो गया। सरकार ने बताया कि जहाज पर आग लग गई थी, जिसके बाद कथित तौर पर जहाज डूब गया। राहत की बात यह है कि जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों को ओमान के तटरक्षक बल द्वारा सुरक्षित बचा लिया गया है और वो बंदरगाह पर सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com