

India First Bullet Train: देश की बहुप्रतीक्षित बुलेट ट्रेन का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इस बीच मंत्रालय द्वारा बुलेट ट्रेन की एक तस्वीर साझा की गई है। रेल मंत्रालय ने देश की पहली बुलेट ट्रेन की झलक दिखाई है, जोकि काफी वायरल हो रही है। इस हाई स्पीड रेल परियोजना को देश की परिवहन व्यवस्था में एक बड़ी क्रांति मानी जा रही है।
बेहद स्मूद राइड, हाई स्पीड और कम शोर के हिसाब से इसका डिजाइन किया गया है। इसकी ऑपरेशनल स्पीड 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो इसे बेहद खास बनाती है। इस साल सूरत और बिलिमोरा के बीच पहली बुलेट ट्रेन की सेवा शुरू की जा सकती है।
इस साल फरवरी में परियोजना की प्रगति पर जानकारी देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया था, कि 12 में से 8 स्टेशन के नींव का काम पूरा हो चुका है। इनमें सूरत, भरूच, आनंद, वापी, बिलिमोरा, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती के स्टेशन शामिल हैं। रेल मंत्री अश्विनी ने बताया कि बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में सिविल का काम लगातार आगे बढ़ रहा है। वहां करीब 90 फीसदी से ज्यादा खुदाई का काम पूरा हो चुका है। इसके कंक्रीट का काम विभिन्न चरणों में है। इसमें लेवल चार पर बेसमेंट स्लैब का निर्माण सौ फीसदी पूरा हो गया है। इसी प्रकार समुद्र के नीचे बनने वाली 21 किमी लंबी सुरंग का काम भी अब शुरू कर दिया गया है।
देश की पहली प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के विजुअल्स रेल भवन के गेट नंबर 4 पर लगाए गए हैं। यह बहुप्रतीक्षित ट्रेन भगवा और सफेद रंग में रंगी है। इस वजह से यह काफी चर्चा भी हो रही है।
इस परियोजना में नदी पर बनने वाले पुलों में अब तक 17 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है। ताप्ती, माही, नर्मदा और साबरमती नदी पर पुल निर्माण का काम अब पूरा होने के कगार पर है। वहीं, महाराष्ट्र के 4 नदी पुलों का निर्माण कार्य जारी है।
देश की पहली हाई स्पीड बुलेट ट्रेन परियोजना में स्वदेशी तकनीक और निर्माण को बढ़ावा दिया गया है। इसके तहत भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड के सहयोग से 280 किमी प्रति घंटे रफ्तार की डिजाइन वाले हाई स्पीड ट्रेन सेट का निर्माण और डिजाइन किया जा रहा है।
भारत सरकार का उद्देश्य भविष्य में आयात पर निर्भरता कम करते हुए देश में ही हाई स्पीड रेल तकनीक को विकसित करना है। सरकार की यह परियोजना देश में एक बड़ी परिवहन क्रांति मानी जा रही है।