Weather Update: मानसून फिर हुआ एक्टिव! दिल्ली से बिहार तक बदलेगा मौसम, जानिए कहां सबसे ज्यादा बरसेंगे बादल

Heavy Rain Alert India: आईएमडी ने बिहार में ऑरेंज और झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी तरफ यूपी, एमपी, राजस्थान, बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी।
Major rainfall alert! Warning of heavy to very heavy rain in these states over the next 5 days.
भारी बारिश से परेशान होते लोग (सोर्स सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IMD Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने 20 से 25 जुलाई के बीच उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि झारखंड के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश,छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और दिल्ली में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है।

हरियाणा, पंजाब और यूपी में कई दिनों तक बारिश

आईएमडी ने अनुमान लगाते हुए बताया कि 20 से 23 जुलाई तक हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भारी बारिश हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ 20 से 24 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के चलते अलर्ट जारी

बताया जा रहा है कि 20 से 25 जुलाई तक मध्य भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। बता दे कि छत्तीसगढ़ में भी 25 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। विदर्भ क्षेत्र में भी 20 से 24 जुलाई के बीच अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है।

राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून

मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान में 21 जुलाई से मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में बारिश बढ़ेगी। इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इतना ही नही बल्कि 23 से 28 जुलाई के बीच जोधपुर और बीकानेर संभाग में व्यापक बारिश देखने को मिल सकती है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में 20 और 21 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

झारखंड में येलो अलर्ट, तेज हवा भी चलेगी

रांची मौसम केंद्र के अनुसार 20 और 21 जुलाई को झारखंड के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी

बिहार में 20 जुलाई को बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, गया, नालंदा, नवादा, लखीसराय और बेगूसराय समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी है। हालांकि सीमांचल और पूर्वी बिहार के अधिकांश जिलों में फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

उत्तर बंगाल में दो दिन भारी बारिश

सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से उत्तर बंगाल के जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 21 से 23 जुलाई के बीच दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, हावड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में भी तेज बारिश हो सकती है। कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com