

हैदराबाद: हैदराबाद के चारमीनार के पास गुलजार हाउस की एक इमारत में रविवार को भीषण आग लग गई, इस हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। अग्निशमन विभाग की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, आग सुबह लगभग 5.30 बजे लगी, जब ज़्यादातर निवासी सो रहे थे।
आग कमर्शियल ग्राउंड फ़्लोर से शुरू हुई, जिसके बाद धुआँ तेज़ी से पूरी इमारत में फैल गया, जिससे लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।दस घायल निवासियों को इलाज के लिए डीआरडीओ अस्पताल, उस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया गया। अब प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से मुआवजे का ऐलान किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से X पर पोस्ट किया कि हैदराबाद में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
मोगलपुरा और गौलीगुडा स्टेशनों से दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। हालांकि, दमकलकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि संकरी गलियों के कारण आवाजाही में दिक्कत आ रही थी।
आग की लपटों तक पहुँचने के लिए उन्हें आस-पास की इमारतों पर चढ़ना पड़ा। आग बुझाने के प्रयास अभी भी जारी हैं, परिसर के अंदर घना धुआँ होने के कारण प्रवेश और बचाव कार्य बेहद मुश्किल हो रहे हैं।