कुनो से भटककर राजस्थान पहुंच रहे चीते, निगरानी के लिए मध्यप्रदेश-राजस्थान ज्वाइंट कमेटी का गठन
यह समिति चीतों की आवाजाही और संरक्षण के लिए कॉरिडोर के विकास और प्रबंधन के बारे में दोनों राज्यों के बीच MOU पर चर्चा करेगी। इसके अलावा समिति दोनों राज्यों की सीमा से लगे क्षेत्रों में ज्वाइंट टूरिस्ट रूट्स की संभावनाओं का मूल्यांकन भी करेगी।
- Written By: रीना पंवार
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य से चीतों के पड़ोसी राज्य राजस्थान में भटकने की घटनाओं को लेकर दोनों राज्यों की एक संयुक्त गलियारा प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। यह समिति चीतों के संरक्षण के लिए काम करेगी। इसके साथ ही यह समिति चीतों को मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क (KNP) और गांधी सागर सेंचुरी एरिया से भविष्य में स्थानांतरित करने के लिए उपयुक्त क्षेत्रों के विकास पर भी चर्चा करेगी और सुधार के उपायों की सिफारिश करेगी।
बता दें कि इस साल मई माह में KNP से एक चीता भटकते हुए राजस्थान के करोली जिले में पहुंच गया था जिसे बाद में वापस मध्य प्रदेश लाया गया। इसके अलावा दिसंबर 2023 में भी एक चीता KNP से भटककर राजस्थान के बारां जिले में पहुंच गया था जिसे बाद में वापस KNP लाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि इन्हीं घटनाओं को देखते हुए चीता प्रोजेक्ट के कॉरिडोर प्रबंधन के लिए मध्यप्रदेश और राजस्थान के अधिकारियों की एक संयुक्त समिति गठित की गई है।
समिति दोनों राज्यों के लिए MOU करेगी तैयार
यह समिति चीतों की आवाजाही और संरक्षण के लिए कॉरिडोर के विकास और प्रबंधन के बारे में अध्ययन के लिए दोनों राज्यों के बीच MOU पर चर्चा करेगी और उसे तैयार करेगी। इसमें KNP से राजस्थान तक मौजूदा गलियारे से होकर गुजरने वाले चीतों के प्रबंधन के लिए निगरानी, गश्त और अन्य कार्यों में लगे अधिकारियों और फ्रंट लाइन के कर्मचारियों की क्षमता निर्माण पर भी चर्चा की जाएगी। समिति दोनों राज्यों की सीमा से लगे क्षेत्रों में ज्वाइंट टूरिस्ट रूट्स की संभावनाओं का मूल्यांकन भी करेगी। दोनों राज्यों की सीमा से लगे इन क्षेत्रों में राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र, कुनो नेशनल पार्क और रणथंभौर नेशनल पार्क आदि शामिल हैं।
सम्बंधित ख़बरें
रीवा पुलिस की नवाबी देख चौक गए लोग, ठेके के सामने खडी हुई डायल 112; सायरन बजते ही शराब की बोतल से खातिरदारी
पन्ना के अजयगढ़ जनपद क्षेत्र में बड़ा हादसा, कुएं में दबे 5 मजदूर, दो की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
MP Politics News: दतिया संभावित उपचुनाव बना बीजेपी के लिए ‘अग्निपरीक्षा’, अंदरखाने तैयारियों में जुटी पार्टी
गर्लफ्रेंड का चैलेंज पूरा करने 600KM दूर दतिया पहुंचा युवक, कलेक्टर से मिलने से पहले ही हुआ बेहोश, जानें मामला
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ से आता है हाथियों का झुंड, मध्यप्रदेश में हाथियों की मौत पर सीएम यादव लेंगे ये एक्शन
समिति में ये होंगे सदस्य
एक अधिकारी ने बताया कि MP और राजस्थान के प्रधान मुख्य वन संरक्षक और मुख्य संरक्षक (वन्यजीव) को समिति का संयुक्त अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति के सदस्यों के रूप में नामित अन्य अधिकारियों में MP और राजस्थान के अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), निदेशक (बाघ परियोजना-चीता परियोजना) शिवपुरी, दोनों राज्यों के लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रतिनिधि और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII), देहरादून द्वारा नामित एक प्रतिनिधि शामिल हैं।
कुनो नेशनल पार्क में कुल 24 चीते
गौरतलब है कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी चीता पुनरुत्पादन परियोजना के तहत 17 सितंबर, 2022 को श्योपुर जिले में KNP में 8 नामीबियाई चीतों को बाड़ों में छोड़ा गया था। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते यहां लाए गए थे। KNP में पिछले 2 सालों में 17 चीता शावकों का जन्म हुआ है, जो इस प्रोजेक्ट के लिए काफी अच्छे संकेत हैं। हालांकि, कुछ नुकसान भी हुआ है, जिसके तहत इन्हीं दो सालों में यहां 8 वयस्क चीते और 5 शावकों की मौत भी हो गई। वर्तमान में कुनो नेशनल पार्क में शावकों समेत 24 चीते हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
