बंगाल-असम समेत पांच राज्यों बजने वाला है चुनावी बिगुल, तारीख आई सामने! जानें कितने चरण में होगी वोटिंग?

West Bengal Elections: असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है। खबरों के मुताबिक, चुनाव की घोषणा रविवार या सोमवार को हो सकती है।
election commission
चुनाव आयोग (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Election Commission of India: देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान जल्द किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक भारत निर्वाचन आयोग रविवार या सोमवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की टीम ने सभी चुनावी राज्यों का दौरा पूरा कर लिया है और तैयारियों का जायजा लिया है। आयोग की टीम सबसे पहले असम गई थी और आखिरी दौरा पश्चिम बंगाल का किया गया। बंगाल दौरे के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कई जगह काले झंडे भी दिखाए।

बंगाल में कई चरणों में हो सकते हैं चुनाव

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पश्चिम बंगाल को छोड़कर बाकी राज्यों में एक ही चरण में चुनाव कराने की योजना है। वहीं पश्चिम बंगाल में अधिकतम 3 से 4 चरणों में मतदान कराया जा सकता है। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान हुआ था, जबकि असम में 3 चरणों में चुनाव कराए गए थे। वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में चुनाव हुए थे।

सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम

सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले पश्चिम बंगाल में अब तक लगभग 480 बटालियन केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए जा चुके हैं। आयोग ने बताया कि केंद्रीय बलों की तैनाती अब आयोग द्वारा नियुक्त पुलिस पर्यवेक्षक और जिला प्रशासन की बैठक में तय की जाएगी। इससे पहले यह जिम्मेदारी जिले के एसपी के पास होती थी।

7 मई से पहले कराना होगा चुनाव

पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कराना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो राज्य में संवैधानिक संकट की स्थिति बन सकती है।

चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि चुनाव तैयारियों को लेकर हुई बैठकों में सभी राजनीतिक दलों ने आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने का आग्रह किया है। आयोग ने साफ किया है कि चुनाव में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए विज्ञान भवन को बुक किया गया है, जहां से चुनाव आयोग तारीखों का औपचारिक ऐलान कर सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com