ED डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा, अब अगस्त 2027 तक संभालेंगे कमान

Rahul Navin: केंद्र सरकार ने ED डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा दिया है। अब वह 13 अगस्त 2027 तक पद पर रहेंगे। उनका कार्यकाल 13 अगस्त 2026 को खत्म होना था।
ED Director Rahul Navin
ED डायरेक्टर राहुल नवीन (Image- Social Media)
Updated on

ED Director Rahul Navin: केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के डायरेक्टर राहुल नवीन के कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। 8 अगस्त 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) ने 1993 बैच के IRS अधिकारी राहुल नवीन का कार्यकाल 13 अगस्त 2026 के बाद एक साल के लिए बढ़ाने को मंजूरी दी है। अब वह 13 अगस्त 2027 तक ED डायरेक्टर के पद पर बने रहेंगे।

आदेश में कहा गया है कि राहुल नवीन का कार्यकाल 13 अगस्त 2027 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगा। खास बात यह है कि यह एक्सटेंशन उनकी 31 जुलाई 2027 को होने वाली सुपरएनुएशन यानी सेवानिवृत्ति की निर्धारित तारीख के बाद भी सेवा जारी रखने को कवर करता है।

30 साल से ज्यादा का प्रशासनिक अनुभव

राहुल नवीन 1993 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी हैं। ED की आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने आयकर विभाग में तीन दशक से ज्यादा समय तक काम किया है। उन्हें खास तौर पर इंटरनेशनल टैक्सेशन और सीमा-पार वित्तीय मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। उन्होंने IIT कानपुर से B.Tech और M.Tech की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की स्विन्बर्न यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्नोलॉजी, मेलबर्न से MBA की डिग्री हासिल की है।

अपने करियर के दौरान राहुल नवीन ने अंतरराष्ट्रीय कराधान और सीमा-पार वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर काम किया। 2004 से 2008 के बीच उन्होंने मुंबई स्थित इंटरनेशनल टैक्सेशन डायरेक्टोरेट में काम किया। इस दौरान उन्होंने ऐसे कई ऑफशोर लेनदेन से जुड़े मामलों में भूमिका निभाई, जिनकी वास्तविक संपत्तियां भारत में स्थित थीं।

ट्रांसफर प्राइसिंग और FATF का भी अनुभव

राहुल नवीन ने नवंबर 2015 से नवंबर 2017 तक कमिश्नर, ट्रांसफर प्राइसिंग के तौर पर काम किया। इस दौरान उन्होंने इंटैन्जिबल्स, रॉयल्टी भुगतान, कॉस्ट कंट्रीब्यूशन अरेंजमेंट, इनबाउंड और आउटबाउंड लोन तथा कमोडिटी ट्रांजैक्शन से जुड़े ट्रांसफर प्राइसिंग ऑडिट की निगरानी की। उन्होंने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) में भी कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। वह टैक्स पॉलिसी डिवीजन में अंडर सेक्रेटरी और बाद में फॉरेन टैक्स एंड टैक्स रिसर्च डिवीजन में डायरेक्टर रहे।

इस भूमिका में उन्होंने विभिन्न देशों के साथ टैक्स संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान से जुड़े द्विपक्षीय और बहुपक्षीय समझौतों की बातचीत में हिस्सा लिया। इसके अलावा वह FATF, OECD, Global Forum on Transparency and Exchange of Information और G20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। ED में आने से पहले ही आर्थिक अपराधों का अनुभव राहुल नवीन को नवंबर 2019 में प्रवर्तन निदेशालय में OSD के तौर पर नियुक्त किया गया था। इस दौरान उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में FATF की म्यूचुअल इवैल्यूएशन से संबंधित काम शामिल था।

इसके बाद नवंबर 2020 में उन्हें ED का स्पेशल डायरेक्टर (HQ) बनाया गया। इस पद पर उन्होंने देशभर में चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांचों के समन्वय, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विभिन्न संधियों के तहत संपत्तियों की रिकवरी जैसे महत्वपूर्ण मामलों की निगरानी की। इस तरह ED की शीर्ष जिम्मेदारी संभालने से पहले ही राहुल नवीन को आर्थिक अपराध, टैक्स चोरी, विदेशी संपत्तियों, मनी लॉन्ड्रिंग और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहयोग से जुड़े मामलों का लंबा अनुभव हासिल हो चुका था।

ED Director Rahul Navin
AFHQ सिविलियन सर्विस को मिलेगा नया रोल, राजनाथ सिंह बोले- सेना की ताकत सिर्फ हथियार नहीं, अदृश्य हाथ भी…

सितंबर 2023 में संभाली थी ED की कमान

राहुल नवीन ने 15 सितंबर 2023 को प्रवर्तन निदेशालय के डायरेक्टर (इन-चार्ज) के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने संजय कुमार मिश्रा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद 14 अगस्त 2024 को उन्हें औपचारिक रूप से प्रवर्तन निदेशालय का डायरेक्टर नियुक्त किया गया। अब केंद्र सरकार की ओर से कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद राहुल नवीन अगस्त 2027 तक ED की कमान संभालेंगे। उनका यह एक्सटेंशन ऐसे समय में हुआ है जब प्रवर्तन निदेशालय देश में मनी लॉन्ड्रिंग और आर्थिक अपराधों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच कर रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com